बाबा केदार को भावुक विदाई! छह माह के लिए बंद हुए गर्भगृह के कपाट, अब ओंकारेश्वर में होंगे दर्शन

केदारनाथ धाम में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बाबा केदार की समाधि पूजा संपन्न हुई। सुबह छह बजे गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए। अब पंचमुखी उत्सव डोली ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां अगले छह माह तक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 November 2026, 8:58 AM IST

Rudraprayag: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में शीतकालीन प्रवास की धार्मिक परंपराओं के तहत बुधवार को बाबा केदार के गर्भगृह के कपाट समाधि पूजा के बाद छह माह के लिए बंद कर दिए गए। सुबह ठीक छह बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ समाधि पूजा संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर भारतीय सेना के 15 जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अब सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर मंदिर के मुख्य कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा।

छह महीने  के लिए बंद हुए गर्भगृह के कपाट

बुधवार तड़के चार बजे से केदारनाथ मंदिर में समाधि पूजा की प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरानुसार बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। इसके बाद सुबह छह बजे गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान धाम में मौजूद श्रद्धालु बाबा केदार के जयकारे लगाते रहे और भावुक मन से बाबा को अगले छह माह के लिए विदाई दी।

श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, केदारनाथ धाम 2026 की यात्रा इस दिन से होगी शुरू; जिला प्रशासन तैयारियों को लेकर अलर्ट

मुख्य कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना होगी। यहां आगामी छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना विधिवत संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

बाबा केदारनाथ धाम (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

अब ओंकारेश्वर में होंगे दर्शन

इस वर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। अब तक 19 लाख 14 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस वर्ष की यात्रा को विशेष बनाया।

Uttarakhand: केदारनाथ धाम में सीजन की दूसरी बर्फबारी, सफेद चादर में लिपटा पवित्र धाम

केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही हिमालय की ऊंची वादियों में स्थित बाबा के धाम में अगले छह माह तक विराम रहेगा। हालांकि, बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना का क्रम शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में निरंतर जारी रहेगा। धाम के कपाट भले ही शीतकाल के लिए बंद हो रहे हों, लेकिन भक्तों की आस्था और 'हर-हर महादेव' के जयघोष ऊखीमठ में गूंजते रहेंगे।

Location :  Rudraprayag

Published :  11 November 2026, 8:58 AM IST