
पर्यटकों के लिए मुश्किल बना नैनीताल
Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम ने कई रंग दिखाए। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, जबकि शाम के समय हुई तेज बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम विभाग के अनुसार नगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में गिरावट
सुबह से ही नैनीताल में धूप खिली रही और मौसम साफ बना रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी का असर बढ़ने लगा। दोपहर के समय उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और लोग राहत के लिए छायादार स्थानों का सहारा लेते नजर आए। शाम करीब तीन बजे बाद मौसम ने करवट ली और कुछ समय के लिए मूसलाधार बारिश हुई। बारिश थमने के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम काफी सुखद हो गया।
समुद्र से उठता है, हिमालय से टकराता है… आखिर कैसे पूरे भारत को भिगोता है मानसून?
10 हजार से अधिक पर्यटक
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार दिनभर में अधिकतम आर्द्रता 75 प्रतिशत और न्यूनतम 50 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव का आनंद स्थानीय लोगों के साथ साथ पर्यटकों ने भी लिया।इधर, नैनीताल का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन अपने चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। रविवार को 10 हजार से अधिक पर्यटक नैनीताल पहुंचे, जिससे पूरे शहर में रौनक बढ़ गई। मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। वीकेंड के दौरान पर्यटकों का दबाव इतना अधिक रहा कि शहर की यातायात व्यवस्था पर भी इसका असर साफ दिखाई दिया।
25 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल
पर्यटक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की। रूसी बाईपास और नारायण नगर क्षेत्र में वाहनों को रोककर पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से शहर भेजा गया। गुरुवार शाम से शुरू हुआ पर्यटकों का आगमन रविवार तक लगातार जारी रहा। पिछले तीन दिनों में 25 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल पहुंच चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या रविवार को दर्ज की गई।
फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, समुद्र में उठी हलचल के बाद भी क्यों नहीं आया सुनामी?
लेक ब्रिज टोल टैक्स के आंकड़ों के अनुसार रविवार को ढाई हजार से अधिक वाहन शहर में प्रवेश कर चुके थे। खास बात यह रही कि इस बार रविवार को पर्यटकों की संख्या शनिवार के मुकाबले अधिक दर्ज की गई, जबकि आमतौर पर ऐसा कम देखने को मिलता है। पर्यटकों की भारी आमद के चलते शहर के अधिकांश होटल पूरी तरह भर गए। वहीं पार्किंग स्थल भी वाहनों से खचाखच भर गए, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात धीमी गति से चलता दिखाई दिया। मस्जिद चौराहा, चिड़ियाघर रोड, हल्द्वानी रोड, भवाली रोड, बिड़ला रोड और माल रोड समेत कई क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पार्किंग की कमी के कारण शहर में जाम की स्थिति भी बनी रही।
Location : नैनीताल
Published : 9 June 2026, 6:10 PM IST
Topics : Nainital Nainital Weather Nainital tourism