न्याय न मिलने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा… पुलिस-एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन

ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र के सिलारपुर कला गांव में एक युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 May 2026, 9:43 PM IST

Noida: ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र के सिलारपुर कला गांव में एक युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की। मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।

दोपहर 12 बजे टावर पर चढ़ा युवक

गांव सिलारपुर कला निवासी शिवम बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

उसका आरोप है कि उसके साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे वह बेहद नाराज था। टावर पर चढ़ने के बाद उसने कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताना शुरू कर दिया।

गांव में जुटी भीड़, मौके पर पहुंची पुलिस

युवक को टावर पर चढ़ा देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और एसडीआरएफ भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने युवक से मोबाइल फोन पर बात कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा।

तीन महीने पुराने विवाद से जुड़ा मामला

युवक के पिता वीर पाल ने बताया कि करीब तीन महीने पहले शिवम के साथ गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की थी। आरोप है कि उसे जबरन कार में डालकर चौकी ले जाया गया था।

परिजनों का कहना है कि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, जिससे युवक आक्रोशित है।

पुलिस कर रही समझाने की कोशिश

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। हालांकि देर शाम तक टीम को सफलता नहीं मिल सकी थी।

प्रशासन का कहना है कि पहले युवक को सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता है, उसके बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Noida

Published :  14 May 2026, 9:43 PM IST