
नशा तस्करी का भंडाफोड़
Maharajganj : भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान एक बड़ी नशा तस्करी का मामला सामने आया है। संदिग्ध व्यक्ति के बैग से लगभग 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आरोपी नेपाल से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, तभी जांच में यह खुलासा हुआ।
महराजगंज के सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त चेकिंग में बड़ी कार्रवाई। 2.3 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ तमिलनाडु का एक युवक गिरफ्तार। नेपाल से भारत में तस्करी की कोशिश नाकाम, जांच जारी।@maharajganjpol #maharajganjpolice pic.twitter.com/sYGPtwyxAF
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 9, 2026
जानकारी के मुताबिक सोनौली बॉर्डर पर सूत्रों की सूचना के आधार पर एसएसबी और पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान नेपाल से भारत आ रहे एक युवक के बैग की स्कैनिंग की गई> जिसमें संदिग्ध सामग्री नजर आई। तलाशी लेने पर बैग से करीब 2.3 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक ने अपना नाम मोहम्मद इथरिस अंसार बताया है, जो तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले का निवासी है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी से तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में एसएसबी की टीम के साथ पुलिस विभाग की भी अहम भूमिका रही। अभियान में सहायक कमांडेंट सुश्री प्रिया यादव, उपनिरीक्षक (सामान्य) रामलाल, आरक्षी गौरव तिवारी और आरक्षी सुंदर लक्ष्मी एम शामिल रहे। वहीं पुलिस पक्ष से एसओ महेंद्र मिश्रा, एसआई अरविंद कुमार, सिपाही धीरज साह और सिपाही अश्विनी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
हाइड्रोपोनिक गांजा (Hydroponic Weed) एक खास तकनीक से उगाया गया कैनबिस होता है, जिसमें मिट्टी का उपयोग नहीं किया जाता। इसे पानी और पोषक तत्वों के नियंत्रित घोल में उगाया जाता है। जिससे इसकी गुणवत्ता और प्रभाव सामान्य गांजे से अधिक मानी जाती है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी तस्करी की मांग बढ़ी हुई रहती है।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इसके पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 9 June 2026, 11:38 PM IST