2 शादी और 6 बच्चे…फिर भी जिंदगी में नहीं मिला सुकून, अब फांसी लगाकर छोड़ दी दुनिया, पढ़ें बदायूं का दिल दहलाने वाला मामला

बदायूं के हज़रतपुर थाना क्षेत्र के चकवा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक दो शादियों और छह बच्चों का पिता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 16 April 2026, 2:20 PM IST

Budaun: बदायूं के हज़रतपुर इलाके में एक मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक पूरा परिवार उजड़ गया। रात में हुए झगड़े के बाद 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सुबह जब सच्चाई सामने आई तो हर कोई सन्न रह गया। इस घटना ने न सिर्फ एक जिंदगी छीन ली, बल्कि 6 मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया भी हमेशा के लिए उठा दिया।

क्या है पूरा मामला?

थाना हज़रतपुर क्षेत्र के चकवा गांव में रहने वाले देवेंद्र पुत्र गनपत का बीती रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। घर में तनाव बढ़ने के बाद देवेंद्र गुस्से में घर से निकल गया और गांव के बाहर बने घेर में चला गया। रात भर वह वहीं रहा। सुबह जब परिजन उसे ढूंढते हुए घेर तक पहुंचे तो जो नजारा सामने था, उसने सभी के होश उड़ा दिए। देवेंद्र का शव फंदे से लटका हुआ था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते गांव में सनसनी फैल गई।

दो शादियां, छह बच्चों का परिवार

देवेंद्र की जिंदगी पहले से ही संघर्षों से भरी हुई थी। उसकी पहली पत्नी की कुछ समय पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। इसके बाद उसने दूसरी शादी की, जिससे चार बच्चे हुए। सभी छह बच्चे एक ही घर में साथ रहते थे। अब देवेंद्र की मौत के बाद इन सभी बच्चों के सामने भविष्य को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी गहरा शोक पसरा हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थाना हज़रतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पसरा मातम

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे चकवा गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों के मुताबिक देवेंद्र मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और अपने बच्चों के लिए जी-तोड़ मेहनत करता था, अब उसके जाने के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है। सबसे ज्यादा असर उन छह मासूम बच्चों पर पड़ा है, जिनकी जिंदगी अचानक बदल गई है।

Location :  Budaun

Published :  16 April 2026, 2:20 PM IST