
अदाणी थर्मल पावर प्लांट
Mirzapur : जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरी स्थित निर्माणाधीन अदाणी थर्मल पावर प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को प्लांट परिसर में बिजली का स्ट्रीट लाइट पोल खड़ा करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाइड्रा मशीन की मदद से उठाया जा रहा भारी पोल अचानक सोनभद्र के ओबरा निवासी एक श्रमिक के ऊपर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन अदाणी थर्मल पावर प्लांट में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लांट परिसर में हाइड्रा मशीन से बिजली का स्ट्रीट लाइट पोल खड़ा करते समय अचानक पोल एक श्रमिक के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद श्रमिकों की… pic.twitter.com/WcSs9EBlwL
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 26, 2026
जानकारी के अनुसार, प्लांट परिसर में बिजली का स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान हाइड्रा मशीन की मदद से भारी पोल को खड़ा किया जा रहा था। अचानक पोल का संतुलन बिगड़ गया और वह वहां काम कर रहे युवक के ऊपर गिर पड़ा।
भारी पोल की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास काम कर रहे श्रमिक और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को पोल के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में घायल श्रमिक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद निर्माणाधीन प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों ने बताया कि भारी उपकरणों और मशीनों से काम कराते समय सुरक्षा मानकों का पालन कितना किया जा रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए।
फिलहाल हादसे की असली वजह क्या रही, पोल लगाने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और काम के दौरान नियमों का पालन किया गया था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायल श्रमिक को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के बजाय ठेकेदार और उसके साथियों द्वारा मिर्जापुर के एक अस्पताल ले जाया गया। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि गंभीर दुर्घटना की स्थिति में घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार क्यों नहीं कराया गया।
हालांकि घायल को सीधे मिर्जापुर ले जाने के पीछे क्या कारण रहा, इस पर संबंधित पक्ष का बयान सामने आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट में आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर श्रमिकों की सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसों के बाद सही जानकारी सामने नहीं आ पाती और जिम्मेदार पक्ष मामले को दबाने की कोशिश करता है।
फिलहाल इस हादसे के बाद श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्य में बरती जा रही सावधानियों और जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर जांच की मांग उठ रही है।
Location : Mirzapur
Published : 26 August 2026, 8:41 PM IST