हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में गोलियों से भूनकर हत्या, चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। अंकित पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब चुनावी रंजिश समेत कई एंगल से जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 August 2026, 8:38 PM IST
google-preferred

Shamli News: शामली में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में जिम से बाहर निकलते ही हरियाणा के सिंगर अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बाइक और पैदल आए हमलावरों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई हैं, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

जिम से निकलते ही घेरकर बरसाई गोलियां

बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान हरियाणा के सोनीपत में रहते थे और वहीं सिंगिंग करते थे। पिछले कुछ समय से वह अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। बुधवार शाम वह रोज की तरह शामली के आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे। शाम करीब पौने सात बजे जब वह जिम से बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे, तभी चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पिस्टल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। फायरिंग में अंकित बालियान को कई गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने घायल अंकित को तुरंत सीएचसी शामली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने से मिली थी पहचान

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय थे। वह अपने गाने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' को लेकर चर्चा में आए थे। बताया जा रहा है कि अंकित आने वाले पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। पुलिस पंचायत चुनाव से जुड़ी रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हत्या के बाद परिजनों ने लगाया जाम

अंकित बालियान की हत्या के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों की मांग है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की।

पुलिस ने बनाई टीमें, तलाश जारी

शामली के एसपी एनपी सिंह ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पंचायत चुनाव की रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Shamli

Published :  26 August 2026, 8:38 PM IST

Related News

Advertisement