जो लेगी ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ में हिस्सा, वो महिला बनेगी गोरखपुर की सबसे स्मार्ट, पढ़ें पुलिस का बढ़िया प्लान

गोरखपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के साथ जागरूकता को लेकर “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत विशेष अभियान चलाया गया। जिले के सभी थानों पर आयोजित “बहू-बेटी सम्मेलन” में महिलाओं को सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 11 May 2026, 7:42 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति फेज-5.0” के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और छात्राओं ने भाग लिया।

कानून और हेल्पलाइन की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध, बाल विवाह और महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे तुरंत पुलिस की मदद ले सकती हैं। सम्मेलन में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्प डेस्क के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इन सेवाओं का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा पर भी फोकस

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने उन्हें साइबर अपराधों से बचने के तरीके भी बताए। सोशल मीडिया पर सतर्क रहने, अंजान लोगों से दूरी बनाने और ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत तुरंत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके अलावा कार्यक्रम में महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए ताकि महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

पुलिस और जनता के बीच बढ़ा संवाद

“बहू-बेटी सम्मेलन” के जरिए पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने का भी प्रयास किया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराध रोकना नहीं बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करना भी है। कार्यक्रम के बाद महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 May 2026, 6:25 AM IST