
बबीता सिंह चौहान ने किया निरीक्षण
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त बबीता सिंह चौहान ने प्रतापगढ़ के जिला कारागार का निरीक्षण किया। उनके साथ आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा भी मौजूद रहीं। निरीक्षण का उद्देश्य महिला बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, जेल प्रशासन की व्यवस्था और सुधारात्मक कार्यक्रमों का मूल्यांकन करना था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक महिला आयोग अध्यक्ष ने सबसे पहले पाकशाला का निरीक्षण किया और वहाँ बन रहे भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने भोजन को संतोषजनक पाया और रसोई की साफ-सफाई की सराहना की। इसके बाद वह लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी पहुंचीं, जहां बंदियों के लिए उपलब्ध किताबों व डिजिटल पढ़ाई की व्यवस्था का जायजा लिया।
विशेष आकर्षण का केंद्र रहा आंवला प्रसंस्करण केंद्र "आंवलाकृति", जिसमें महिला बंदियों द्वारा तैयार किए जा रहे आंवला उत्पाद जैसे जूस, मुरब्बा, अचार और बर्फी को महिला आयोग अध्यक्ष ने देखा और उसकी प्रशंसा की। जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने आंवला उत्पादों का एक पैकेट उन्हें भेंट स्वरूप दिया।
महिला बैरक पहुंचकर बबीता सिंह चौहान ने महिला बंदियों से बातचीत की और उनसे स्वास्थ्य सुविधाएं, भोजन, स्वच्छता व अन्य मूलभूत जरूरतों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बैरक परिसर में बने नवनिर्मित नर्सरी क्रेच का लोकार्पण भी किया, जिससे महिला बंदियों के छोटे बच्चों को पढ़ाई और देखभाल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
महिला आयोग की टीम ने महिला बंदियों को फल वितरण किया और उनके बच्चों को खाद्य सामग्री भी भेंट की। इसके उपरांत उन्होंने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया। डिप्टी जेलर आफताब अंसारी ने महिला आयोग अध्यक्ष से महिला बैरक में एक वाटर कूलर लगवाने का अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी राम बाबू विश्वकर्मा को निर्देशित किया कि यह व्यवस्था जल्द कराई जाए।
निरीक्षण के अंत में महिला आयोग अध्यक्ष ने महिला बैरक में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सदर नैन्सी सिंह, डिप्टी जेलर आफताब अंसारी, पूर्व विधायक धीरज ओझा, विधायक प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महिला आयोग का यह दौरा महिला बंदियों के लिए राहत और सुधार की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Location : Pratapgarh
Published : 23 June 2025, 8:32 PM IST
Topics : Aamlaakriti district jail Pratapgarh District Probation Officer Pratapgarh Pratibha Kushwaha