24 घंटे… 6 शातिर महिलाएं और चोरी की चेन, जानिए फरेंदा पुलिस के उस सीक्रेट ऑपरेशन की पूरी कहानी

महराजगंज में पुलिस ने सावन के दौरान गोपलापुर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की चेन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर छह महिलाओं को गिरफ्तार किया।इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 4 August 2026, 12:32 PM IST
google-preferred

Maharajganj: सावन माह में गोपलापुर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले गिरोह का फरेंदा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद किया है। दूसरी ओर, धानी बाजार में काली मंदिर के पास से दिनदहाड़े एक बाइक चोरी होने की घटना सामने आई है, जिससे लोगों में नाराजगी है।

सावन के पहले सोमवार को गोपलापुर शिव मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान कई महिला श्रद्धालुओं ने अपने गले से सोने की चेन चोरी होने की शिकायत फरेंदा थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

यहां भी पढ़ें: Maharajganj: तेज रफ्तार बाइक बनी काल, बुजुर्ग की मौत, चालक घायल

CCTV फुटेज से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान बरामद हुआ।

गिरोह के नेटवर्क की भी जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह गिरोह जिले या आसपास के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम देता था या नहीं। सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील

फरेंदा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने आभूषण और कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Location :  Maharajganj

Published :  4 August 2026, 12:32 PM IST

Advertisement