हिंदी
पीड़ित महिला (Image: Dynamite News)
Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक महिला ने दबंगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला का आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की, तमंचे से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसके बेटे को चौकी ले जाकर परेशान किया। सोमवार को महिला जहरीला पदार्थ खाने के बाद एसएसपी कार्यालय पहुंच गई, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मीरा सराय काशीराम आवास कॉलोनी का है। यहां रहने वाली महिला नीता ने एसएसपी अंकिता शर्मा को शिकायती पत्र देकर पूरी घटना की जानकारी दी। महिला के मुताबिक, 30-31 अगस्त की रात करीब दो बजे विपिन, गोविंदा उर्फ काजल (किन्नर) और तीन अज्ञात लोग जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने उससे कार की चाबी मांगी। जब महिला और उसके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान विपिन ने तमंचे से फायर भी किया।
महिला ने बताया कि घटना के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। महिला का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब पांच बजे आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर थे। आरोप है कि उन्होंने घर के दरवाजे पर पथराव किया और धमकी देकर मौके से चले गए।
नीता ने अपनी शिकायत में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। महिला का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उसने आरोप लगाया कि पुलिस उसके बेटे अरुण को चौकी ले गई और उसे चोरी के मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई। महिला ने पुलिस पर 20 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि इन घटनाओं से परेशान होकर सोमवार को महिला ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया और इसके बाद एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। एसएसपी कार्यालय में महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने सीओ सिटी को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Budaun
Published : 31 August 2026, 9:16 PM IST