वाराणसी मार्कंडेय महादेव मंदिर, दर्शन करने आई महिला बनी चोरों का निशाना पुलिस जांच में जुटी

मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक करने आई एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी हो गई। एक महिला ने वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पीले रंग का स्टोल पहने एक संदिग्ध महिला चोरी करती दिखाई दी।

Updated : 9 June 2026, 5:54 PM IST
google-preferred

Varanasi: कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कंडेय महादेव मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन और जलाभिषेक करने आई एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत कैथी पुलिस चौकी में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

भीड़ का फायदा उठाकर दिया अंजाम 

जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र के लश्करपुर गांव निवासी गुंजन गिरी सोमवार सुबह भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मार्कंडेय महादेव मंदिर पहुंची थीं। मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। गुंजन गिरी भी दर्शन के लिए लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान उनके पीछे खड़ी एक महिला ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से निकल गई।

सीसीटीवी से हुई चोर की पहचान

कुछ देर बाद जब गुंजन गिरी को अपनी चेन गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत कैथी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक महिला संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दिखाई दी, जिसके पास पीले रंग का स्टोल था। फुटेज में महिला चोरी की वारदात को अंजाम देती नजर आ रही है।

लगातार बढ़ रही है चोरी की घटनाएं 

स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर परिसर में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। कुछ दिनों पहले भी एक महिला श्रद्धालु की सोने की चेन चोरी हुई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है।

पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील 

मंदिर परिसर में पुलिस चौकी और सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चेन चोरी करने वाले गिरोह सक्रिय बताए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की है।

Location :  Varanasi

Published :  9 June 2026, 5:54 PM IST

Related News

Advertisement