मुजफ्फरनगर में बदमाशों के हौसले बुलंद: मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला से छेड़छाड़, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मुजफ्फरनगर के खतौली में महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए CCTV वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला का पीछा करते और उसके साथ अभद्रता करते नजर आ रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 September 2026, 10:56 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक महिला के साथ सड़क पर छेड़छाड़ की गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति महिला का पीछा करते हुए उसके साथ जबरदस्ती करता नजर आ रहा है। महिला के विरोध और शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

खतौली इलाके में हुई घटना, CCTV में कैद हुई हरकत

मामला मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर की सुबह एक महिला रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के बाद अपने घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और अचानक महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकला। पूरी घटना पास ही लगे एक मकान के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ।

वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खतौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए बनाई टीमें

इस मामले में सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा था, जिसमें एक व्यक्ति महिला के साथ छेड़खानी करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और पहचान होने के बाद आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  22 September 2026, 10:56 PM IST