बदायूं में गरीब महिला का मकान कैसे टूटा? दरोगा ने बोला- पति-बेटे को जेल भेज दूंगा!

बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में एक महिला ने दरोगा और गांव के दो लोगों पर जबरन मकान तुड़वाने तथा धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि बकाया रुपये मांगने पर उसके पति और बेटे को जेल भेजने की धमकी दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 July 2026, 7:18 PM IST

Budaun : जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव खातपुर की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि बकाया रुपये मांगने पर दरोगा और गांव के दो लोगों ने मिलकर मकान तुड़वा दिया। उसके पति और बेटे को जेल भेजने की धमकी भी दी। पीड़िता ने अब पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

10 हजार रुपये के विवाद से शुरू हुआ मामला

पीड़िता खुर्शीदा पत्नी सलीम ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में उसके मकान को लेकर पहले पंचायत हुई थी। पंचायत में नसीम और शमीम के साथ यह समझौता हुआ था कि वे ट्यूबवेल के बदले 35 हजार रुपये देंगे। महिला का आरोप है कि दोनों भाइयों ने 25 हजार रुपये तो दे दिए, लेकिन 10 हजार रुपये अब भी बकाया हैं।

दरोगा पर दबाव बनाने का आरोप

खुर्शीदा का आरोप है कि उसने बकाया रकम की मांग की तो दोनों भाइयों ने कुंवरगांव थाने में तैनात दरोगा अनौज शर्मा से मिलकर उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला ने बताया कि दरोगा ने धमकी दी कि अगर उसने विरोध किया तो उसके पति और बेटे को जेल भेज दिया जाएगा। इसके बाद कथित तौर पर उसका मकान भी तुड़वा दिया गया।

बदायूं में ढालू एनकाउंटर पर टिकी सबकी नजरें, क्या सामने आएगा चौंकाने वाला खुलासा?

अब रहने के लिए नहीं बचा ठिकाना

महिला ने बताया कि मकान टूटने के बाद उसके परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। उसने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Location :  Budaun

Published :  3 July 2026, 7:18 PM IST