
12वीं की छात्रा बनी एसपी"
महराजगंज: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान ने गुरुवार को जिले में एक अलग ही नजारा पेश किया। बिशप एकेडमी की 12वीं की छात्रा रिम्स सिंह को एक दिन का पुलिस अधीक्षक बनाया गया। जैसे ही उन्होंने एसपी की कुर्सी संभाली, चेहरे पर आत्मविश्वास और हाथ में वायरलेस सेट लिए रिम्स ने सबसे पहले जनपद के सभी थानों की महिला हेल्प डेस्क से संवाद किया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार रिम्स ने मिशन शक्ति केंद्रों में आए प्रार्थना पत्रों की जानकारी ली और मौके पर ही एक महिला पीड़िता से फीडबैक भी लिया। महिला ने बताया कि उसका पारिवारिक विवाद पुलिस की मदद से सुलझा दिया गया है और वह पूरी तरह संतुष्ट है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने दिया जवाब
जानकारी के मुताबिक, इसके बाद छात्रा एसपी ने कोतवाली थाने का निरीक्षण किया और हेल्पलाइन नंबरों की व्यवस्था देखी। साथ ही पूछा कि 112 नंबर पर कॉल करने के बाद पुलिस कितनी देर में पहुंचती है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने जवाब दिया कि जिले का रिस्पांस टाइम संतोषजनक है।
पुलिस कर्मियों को नसीहत
रिम्स ने पुलिस कर्मियों को नसीहत दी कि पीड़ित व्यक्ति के साथ हमेशा शालीनता से पेश आएं, क्योंकि वह मदद की आस लेकर आता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को समाज के डर से अपनी बात रखने में हिचक होती है, इसलिए पुलिस का दायित्व है कि उन्हें विश्वास दिलाए कि उनकी बात सुनी जाएगी।
आईएएस बनकर देश की सेवा करने का सपना
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना इस दौरान रिम्स के बगल में मौजूद रहे और उन्हें हर स्तर पर मार्गदर्शन देते रहे। गौरतलब है कि रिम्स सिंह संगीत की शौकीन हैं और आगे चलकर आईएएस बनकर देश की सेवा करने का सपना रखती हैं। उनके पिता प्रद्म्न सिंह और माता रूबी सिंह बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 25 September 2025, 5:04 PM IST
Topics : Maharajganj Mission Shakti 5.0 SP Student wireless