
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी? (Img: X)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने दूसरे उम्मीदवार के नाम से सियासी हलचल बढ़ा दी है। पार्टी ने उद्योग और कॉरपोरेट जगत से जुड़े धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। वह सपा के वरिष्ठ नेता प्रो. राम गोपाल यादव के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों बुधवार सुबह 11 बजे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पर्चा भरेंगे।
धनराज नथवानी का नाम सामने आने से पहले सपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर कई नाम चर्चा में थे। अब पार्टी की ओर से उनका नाम सामने आने के बाद राज्यसभा चुनाव की तस्वीर में एक अहम बदलाव आया है।
धनराज परिमल नथवानी उद्योग जगत से जुड़े हैं और रिलायंस इंडस्ट्रीज में वरिष्ठ पद पर काम कर चुके हैं। वह राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका नाम अंबानी परिवार से करीबी संबंधों के कारण भी चर्चा में रहा है।
धनराज नथवानी ने लंदन के रीजेंट बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की है। कॉरपोरेट क्षेत्र के अलावा खेल और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े प्रशासनिक कामों में भी उनकी भूमिका रही है।
धनराज नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के चैयरमेन हैं। इसके अलावा वे द्वारका देवस्थानम समिति के वाइस प्रेसीडेंट हैं। खेल प्रशासन से लेकर धार्मिक संस्थाओं तक उनकी सक्रियता के कारण वह गुजरात में पहले से ही एक जाना-पहचाना नाम रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें अंबानी परिवार के करीबी लोगों में भी गिना गया है। हालांकि, उनके राजनीतिक करियर की यह पहली बड़ी पारी होगी, क्योंकि अब सपा ने उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।
Haryana Crime: यमुनानगर के श्मशान घाट के पास मिला अधजला शव, पहचान छुपाने के लिए चेहरा बुरी तरह कुचला
धनराज नथवानी पहले भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ चुके हैं। 2024 में उन्होंने आकाश अंबानी और श्लोका अंबानी के घर बेटी के जन्म पर सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी थी। इससे पहले 2020 में आकाश अंबानी के बेटे के जन्म की जानकारी उनके पिता परिमल नथवानी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की थी।
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से होगी। चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी हो जाएगी।
सपा की ओर से राम गोपाल यादव और धनराज नथवानी के नाम सामने आने के बाद अब सभी की नजर पार्टी की आगे की रणनीति पर है।
Location : Lucknow
Published : 30 September 2026, 11:04 AM IST