
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: इंटरनेट)
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शुक्रवार रात से लापता किशोर और किशोरी के शव गांव के बाहर खेत में एक पेड़ के पास मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों परिवार पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन सुबह जो खबर सामने आई उसने सभी को झकझोर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामला बनियाठेर थाना क्षेत्र के नेहटा गांव का है। शनिवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए थे, जहां उन्होंने एक पेड़ के पास किशोर और किशोरी के शव पड़े देखे। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची बनियाठेर थाना पुलिस और चंदौसी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के सैजनी गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर और 16 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के घरों के बीच ज्यादा दूरी नहीं थी और दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से बातचीत होती थी। परिवार को करीब एक महीने पहले उनके संबंधों की जानकारी हुई थी, जिसके बाद दोनों पर निगरानी बढ़ा दी गई थी।
परिजनों ने बताया कि किशोर पिछले कुछ दिनों से गणेश मेले में जाने की बात कह रहा था। शुक्रवार शाम वह घर से निकला था। वहीं किशोरी के घरवालों को उसके गायब होने की जानकारी रात करीब 11 बजे हुई। इसके बाद किशोरी के परिजन किशोर के घर पहुंचे और उसके बारे में जानकारी ली। दोनों परिवारों ने मिलकर रात में ही दोनों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ विवेक जावला, चंदौसी कोतवाल संत कुमार और बनियाठेर थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की दिशा तय की। सीओ विवेक जावला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Location : Sambhal
Published : 19 September 2026, 4:56 PM IST