
कॉकरोच जनता पार्टी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के स्कूलों की स्थिति और शिक्षा व्यवस्था को लेकर कॉकरोच पार्टी ने चरणबद्ध अभियान चलाने की घोषणा की है। पार्टी ने स्कूलों की जर्जर हालत, शिक्षकों की कार्यप्रणाली, बच्चों की शिक्षा में रुचि और मिड डे मील से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कही है। पार्टी का कहना है कि वह राज्य के स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को लेकर अभियान चलाएगी।
कॉकरोच पार्टी की प्रवक्ता और कानूनी सलाहकार रत्ना सिंह ने शनिवार को लखनऊ के ओडियन सिनेमा के पास स्थित राजधानी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश को लेकर पार्टी की योजनाओं की जानकारी दी। रत्ना सिंह ने कहा कि देश में शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी स्कूलों की समस्याओं को लेकर अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।
पार्टी की ओर से कहा गया कि अभियान के दौरान स्कूल भवनों की स्थिति, शिक्षकों की कार्यप्रणाली, छात्रों की शिक्षा के प्रति रुचि और मिड डे मील व्यवस्था जैसे विषयों को उठाया जाएगा।लखनऊ प्रभारी उदयकांत ने बताया कि पार्टी की ओर से आदिवासी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी काम करने की योजना बनाई जा रही है।
पत्रकार वार्ता के दौरान रत्ना सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर 2 अक्टूबर से प्रदर्शन शुरू करने की बात कही। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन मुंबई समेत कई राज्यों में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटा देती है तो प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
रत्ना सिंह ने लोगों से अपने वोट के अधिकार को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आना होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया और कहा कि लोगों को अपनी आवाज उठानी चाहिए।
पार्टी सदस्यों उज्ज्वल पांडे, आजाद मोहन और फरहान ने कहा कि कॉकरोच पार्टी खुद को राजनीतिक दल नहीं मानती। उन्होंने दावा किया कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि उनका संगठन संविधान को मानने और सामाजिक मुद्दों को उठाने के लिए काम कर रहा है। फिलहाल कॉकरोच पार्टी की ओर से शिक्षा व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर अभियान की घोषणा की गई है। आने वाले समय में यह अभियान किस तरह आगे बढ़ता है, इस पर नजर रहेगी।
Location : Lucknow
Published : 26 September 2026, 9:36 PM IST