
गड्ढे में दिखी प्राचीन संरचना (IMG: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली जिले के हरचंदपुर क्षेत्र में एक किसान के खेत में अचानक जमीन धंसने के बाद ऐसा नजारा सामने आया जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। जमीन धंसने से बने गहरे गड्ढे के अंदर सुरंग जैसी संरचना और पक्की दीवार दिखाई देने लगी। इस अनोखी घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। किसी ने इसे प्राचीन सुरंग बताया तो किसी ने जमीन के नीचे किसी ऐतिहासिक निर्माण की संभावना जताई। मामला प्रशासन तक पहुंचा तो तत्काल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की टीम को मौके पर बुलाया गया। फिलहाल प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया है और लोगों को गड्ढे के पास जाने से रोक दिया गया है।
यह मामला हरचंदपुर क्षेत्र के ओई गांव का है। जानकारी के अनुसार, एक किसान की निजी जमीन पर अचानक करीब एक मीटर के दायरे में जमीन धंस गई। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि गड्ढा काफी गहरा है और उसके भीतर सुरंग जैसी आकृति दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे के अंदर पक्की दीवार जैसी संरचना भी नजर आई, जिससे लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम महाराजगंज चन्द्रप्रकाश गौतम ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका को पूरे मामले से अवगत कराया। जिलाधिकारी के निर्देश पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि शुरुआती निरीक्षण पूरा हो चुका है। अब ASI की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह तय होगा कि यह सामान्य भू-धंसाव है या जमीन के नीचे कोई ऐतिहासिक या पुरातात्विक संरचना मौजूद है।
सड़क से स्टेशन तक हंगामा! रायबरेली में एक दिन में तीन बवाल, वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया है। ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे गड्ढे के पास न जाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। मौके पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है, ताकि उत्सुकता में कोई व्यक्ति या बच्चे गड्ढे के करीब न पहुंचें। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है, क्योंकि गड्ढा काफी गहरा है और किसी भी समय हादसा हो सकता है।
Location : Raebareli
Published : 28 July 2026, 3:43 PM IST