‘जहां वो गई है, तुम्हें भी भेज देंगे’… अगर शराब नहीं पीता तो कभी नहीं खुलता नोएडा की इस लड़की की हत्या का राज

नोएडा के सेक्टर-66 मामूरा में प्रेमिका की हत्या कर शव नहर में फेंकने वाले आरोपी का पुलिस ने 27 दिन बाद खुलासा किया। आरोपी की पत्नी को दी गई धमकी भरी कॉल ने हत्या का राज खोल दिया। पुलिस ने आरोपी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 3:23 PM IST

Noida News: नोएडा में एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा हुआ है, जहां प्रेमिका की हत्या कर शव नहर में फेंकने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने वारदात को छिपाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शराब के नशे में पत्नी को की गई एक फोन कॉल ने पूरा राज खोल दिया। धमकी भरी कॉल के बाद पत्नी थाने पहुंची और उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।

प्रेमिका की हत्या कर नहर में फेंका था शव

यह मामला नोएडा के सेक्टर-66 मामूरा का है, जहां 27 जुलाई को आरोपी सुभाष चंद्र ने अपनी प्रेमिका की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसने शव को दादरी की कोट नहर में फेंक दिया था। बाद में महिला का शव मथुरा में बरामद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हत्या के बाद अपना ठिकाना बदलकर फिरोजाबाद चला गया था। उसे लगा था कि वारदात का राज हमेशा के लिए छिप जाएगा, लेकिन उसकी एक गलती ने उसे पुलिस तक पहुंचा दिया।

पत्नी को फोन कर दी थी धमकी

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पहली पत्नी को शराब के नशे में फोन किया। उसने पत्नी से तलाक का केस वापस लेने और दोबारा साथ रहने का दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी ने पत्नी को धमकी देते हुए कहा कि अगर वह साथ नहीं रहेगी तो उसे भी वहीं भेज देगा, जहां दूसरी महिला गई है। इस धमकी के बाद पत्नी को शक हुआ और उसने 20 अगस्त को फेज-3 थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

27 दिन बाद पुलिस ने किया खुलासा

पुलिस ने महिला की पहचान और जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय सुभाष चंद्र के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मृत महिला बिहार के हजारीबाग की रहने वाली थी और आरोपी उसके साथ रह रहा था। वहीं आरोपी की पहली पत्नी से वर्ष 2013 में शादी हुई थी। शादी के कुछ साल बाद दोनों अलग हो गए थे और पत्नी ने साल 2021 में तलाक का केस भी दायर किया था।

बाइक से शव ले गए थे आरोपी और साथी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे प्रेमिका के किसी और से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाई सर्वेंद्र और जीजा के भाई नीरज को बुलाया। दोनों की मदद से शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। पुलिस के मुताबिक रात में बाइक पर शव को इस तरह ले जाया गया कि देखने वालों को लगे कि कोई बीमार व्यक्ति बैठा है। इसके बाद शव को पिकअप वाहन में रखा गया और तीनों ने मिलकर उसे दादरी के पास नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी ने अपना किराए का कमरा खाली किया और फिरोजाबाद चला गया।

दो सहयोगी भी गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी सुभाष चंद्र के साथ उसके दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक पत्नी की शिकायत और धमकी भरी कॉल इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी साबित हुई। एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह ने बताया कि मामूरा में साथ रह रही महिला की हत्या कर शव नहर में फेंकने की घटना का खुलासा पत्नी की शिकायत के आधार पर जांच के बाद किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Noida

Published :  24 August 2026, 3:23 PM IST