Site icon Hindi Dynamite News

Weather Update: कंपकंपा देने वाली ठंड की एंट्री! यूपी में कोहरे और ठिठुरन ने बढ़ाई मुश्किलें; जानें ताजा अपडेट

उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। रातों-रात तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरा, जिससे सर्द हवाओं ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान एक अंकों में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और गिरावट की चेतावनी दी है।
Post Published By: सौम्या सिंह
Published:
Weather Update: कंपकंपा देने वाली ठंड की एंट्री! यूपी में कोहरे और ठिठुरन ने बढ़ाई मुश्किलें; जानें ताजा अपडेट

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से धीरे-धीरे गिर रहे तापमान में अब तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार रात से ही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से पूरे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ गया है। शनिवार की सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित रही और लोगों को सर्दी की चुभन ने कंपकंपी पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाएगा, जिससे प्रदेश में ठंड और तेज महसूस होगी।

रातों-रात बदला मौसम का मिजाज

वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और आगरा समेत कई जिलों में शुक्रवार रात के बाद तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, “फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिनकी वजह से ठंडी हवाएं पंजाब, हरियाणा और हिमालयी क्षेत्रों से यूपी की ओर आ रही हैं। इसका सीधा असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में महसूस किया जा रहा है। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की संभावना है।”

UP Weather Update: बारिश के बाद यूपी में कोहरे का कहर, तापमान में गिरावट; IMD ने जारी किया अलर्ट

कानपुर में पारा लुढ़का, लखनऊ में भी गिरावट दर्ज

कानपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत से करीब 3 डिग्री कम है। वहीं लखनऊ में भी न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और रात के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन में धूप हल्की लेकिन राहत देने वाली रहेगी।

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में शुष्क रहेगा मौसम

अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। हालांकि, देर रात और सुबह के समय कई जिलों में घना से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कोहरे के चलते सुबह दृश्यता कम रहने की संभावना है।

नोएडा और गाजियाबाद में सुबह हल्का कोहरा रहेगा लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा। हालांकि, धूप की तीव्रता पिछले कुछ दिनों की तुलना में कम रहेगी, जिससे दिन में भी हल्की सर्दाहट बनी रहेगी।

कोहरे और ठिठुरन ने बढ़ाई मुश्किलें

पूर्वी जिलों में भी पारे की मार

पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों- वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, गाजीपुर, बस्ती, अमेठी, प्रतापगढ़, आजमगढ़ में भी तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वाराणसी और प्रयागराज में सुबह-सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क यातायात पर भी असर पड़ा। वहीं ग्रामीण इलाकों में सुबह काम पर निकलने वाले लोग अब गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।

उत्तर-पश्चिम हवाओं से ठंड और बढ़ेगी

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी होने से इन हवाओं में ठंडक और बढ़ गई है। इसका असर सीधे तौर पर यूपी में महसूस किया जा रहा है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे सुबह और रात में कंपकंपी बढ़ सकती है।

लोगों ने बढ़ाई सावधानी, अलाव बने सहारा

सर्दी के बढ़ते असर के बीच लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। कई जगहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। खासकर ग्रामीण इलाकों और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोग सुबह-सुबह अलाव के पास बैठकर गर्मी लेते दिखाई दिए। बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी से बचाने के लिए घरों में भी एहतियात बरती जा रही है।

UP Weather Update: यूपी में ठंड का दौर शुरू, तापमान में गिरावट; जानिए कैसा रहेगा आने वाले दिनों का मौसम?

अगले कुछ दिनों में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। सुबह और देर रात घना कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता 100 मीटर तक भी घट सकती है। इसलिए वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version