यूपी में मौसम का यू-टर्न: बारिश, तेज हवाओं का अलर्ट, कई जिलों में ठंड जैसी स्थिति

उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के जिलों में अलर्ट जारी किया है, जहां अगले 24-48 घंटे में मौसम और बिगड़ सकता है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 March 2026, 8:46 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। आसमान में काले बादलों की लगातार आवाजाही के बीच कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही तेज झोंकेदार हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन अचानक बदलाव ने चिंता भी बढ़ा दी है।

कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। गोंडा, बहराइच, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और सोनभद्र जैसे जिलों में 22 मार्च को बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

गोरखपुर में मौसम बना दुश्मन, लहलहाती फसल पर मंडराया संकट, किसान बोले- बड़ी मुश्किल सामने!

बलिया में बदला मौसम का रंग

बलिया जिले में मौसम ने और भी चौंकाने वाला रूप दिखाया, जहां बारिश के साथ ओलावृष्टि जैसी स्थिति देखने को मिली। इससे तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंड जैसा हो गया। यहां अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नमी का स्तर भी संतुलित बना हुआ है।

लखनऊ और नोएडा का हाल

राजधानी लखनऊ में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। हल्की बूंदाबांदी के साथ तापमान 17 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं नोएडा में धूप के साथ हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान 16 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

तापमान में भारी गिरावट के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे में यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 7 से 9 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना भी जताई गई है।

यूपी में मौसम का नया ड्रामा, बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक से लोगों को मिली गर्मी से राहत; जानें अपने शहर का हाल

पश्चिमी विक्षोभ का असर

विशेषज्ञों के अनुसार 22 मार्च को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा। यही वजह है कि आने वाले दिनों में भी यूपी में मौसम का यह बदलता मिजाज जारी रह सकता है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 21 March 2026, 8:46 PM IST