हिंदी
17 लोगों पर मुकदमा दर्ज
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र से एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया। जंगल सरया बेलवरिया (जपती) गांव में दो पक्षों के बीच हुई इस खूनी भिड़ंत में लाठी-डंडे, फावड़े और ईंट-पत्थर तक चल गए। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों तरफ से कुल 17 लोगों पर मुकदमा दर्ज करना पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मौके पर तैनात होकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 6 जून की सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ। पहले पक्ष के देवेन्द्र शर्मा का आरोप है कि वह अपने परिवार के साथ घर की छत पर मौजूद थे, तभी गांव के सीताराम यादव ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि कुछ ही देर में सीताराम यादव अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा और फावड़ा लेकर देवेन्द्र शर्मा के घर पहुंच गए और हमला कर दिया।
देवेन्द्र शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सीताराम यादव, केशभान यादव, चन्द्रकेश यादव, हरिकेश यादव, बालेन्द्र यादव, आजाद यादव, अजय यादव और आदित्य यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमला सुनियोजित था और पूरे परिवार को निशाना बनाया गया।
वहीं इस पूरे मामले में दूसरा पक्ष भी पीछे नहीं रहा। सीताराम यादव ने भी पुलिस को तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे दूसरे पक्ष के लोग सूर्यनारायण यादव, बेचन यादव, रामलखन शर्मा, महेश शर्मा, शारदा, बिन्दा देवी, देवेन्द्र शर्मा, दिनेश शर्मा और विवेक शर्मा लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों के साथ उनके घर पर पहुंचे और हमला कर दिया। सीताराम यादव का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की और छत पर चढ़कर ईंट-पत्थर भी फेंके।
शादी का मौका बना ‘चोरों का मौका’! घर सूना पड़ा और उड़ गए लाखों के जेवर, गोरखपुर में ये क्या हुआ?
गोला थाना प्रभारी सी.पी. पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर कुल 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद जंगल सरया बेलवरिया गांव में दहशत का माहौल है। लोग खुले तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। दो पक्षों के बीच बढ़े इस विवाद ने पूरे इलाके की शांति भंग कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली बात पर शुरू हुआ झगड़ा इस तरह हिंसक हो जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।
Location : Gorakhpur
Published : 8 June 2026, 12:10 PM IST