
विंध्यधाम में प्रसादम (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Mirzapur: विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए अब एक नई पहल शुरू की गई है। यहां पर ‘विंध्य प्रसादम’ और ‘विंध्य गिफ्ट बॉक्स’ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को शुद्ध, सात्विक और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद एक ही स्थान पर मिल सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य जहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना है, वहीं 12 ब्लॉक की 40 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आजीविका को भी सशक्त करना है।
इस योजना के तहत तैयार किए गए उत्पादों को विंध्याचल मंदिर परिसर में ही एक निर्धारित स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। इन उत्पादों की बिक्री से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिलेगा। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
Mirzapur News: मिर्जापुर के विंध्यवासिनी मंदिर को उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार, इन उत्पादों की खरीद के लिए डिजिटल भुगतान की भी सुविधा दी गई है। श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन करके आसानी से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। इससे खरीदारी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और तेज हो जाएगी।
विंध्य प्रसादम बॉक्स में मंदिर का सुंदर ढांचा, अगरबत्ती, धूपबत्ती, बैंबू आइटम, इलायची दाना, स्मक बल्ब, दोना पत्ता, चुनरी, रुद्राक्ष माला, कदंब के बीज और आसनी शामिल हैं। इसके अलावा शिवपुर का प्रसिद्ध पेड़ा, शुद्ध घी और गुड़ से तैयार विशेष नैवेद्य भी इस बॉक्स का हिस्सा होगा। यह पूरा प्रसादम बॉक्स 2000 रुपये प्रति बॉक्स निर्धारित किया गया है।
Mirzapur News: गंगा किनारे दाह संस्कार से ग्रामीणों में रोष, घोड़ा घाट का अंत्येष्टि स्थल बना शोपीस
विंध्य गिफ्ट बॉक्स में शुद्ध तेल (500 एमएल), सूरन, कटहल और मिर्च का अचार, बेसन, सत्तू और दाल (250-250 ग्राम) शामिल हैं। इसके अलावा मोरिंगा पाउडर, आमचूर, करी पत्ता पाउडर और पापड़ (100-100 ग्राम पैक) भी इसमें मिलेगा। साथ ही मिर्च पाउडर, गरम मसाला, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और खड़ा गरम मसाला (50-50 ग्राम पैक) भी बॉक्स में रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त हैंडवॉश, हार्पिक और डिशवॉश जैसे उपयोगी उत्पाद भी शामिल हैं। इस गिफ्ट बॉक्स की कीमत 1282 रुपये (डिलीवरी चार्ज सहित) निर्धारित की गई है।
Location : Mirzapur
Published : 18 May 2026, 12:37 PM IST