रोहिन नदी की त्रासदी को लेकर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, मांगों पर सैकड़ों ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन जन आंदोलन शुरू

महराजगंज जनपद में रोहिन नदी की कटान और बाढ़ से प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन जन आंदोलन शुरू कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद साहनी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने पैदल मार्च कर धरना स्थल पर पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 19 December 2025, 6:25 PM IST

Maharajganj: रोहिन नदी की लगातार हो रही कटान और बाढ़ से तबाह हो रहे गांवों की समस्या को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। जिला पंचायत सदस्य एवं भारतीय किसान यूनियन के जिला संरक्षक सुरेश चंद साहनी के नेतृत्व में दो सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन जन आंदोलन की शुरुआत केवलापुर खुर्द के राजगढ़ समय माता मंदिर परिसर में की गई।

सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतरें

ग्रामीण फुरसतपुर बाजार से पैदल मार्च करते हुए धरना स्थल पर पहुंचे और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। धरना स्थल पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की।

गोरखपुर में शराब की लत ने ली जान, फंदे से लटका मिला शव, पत्नी से था विवाद

सुरेश चंद साहनी ने कही ये बात  

धरने को संबोधित करते हुए सुरेश चंद साहनी ने कहा कि सदर तहसील के ग्राम सभा केवलापुर खुर्द का जिनवापुर टोला और सलामतगढ़ के जगपुर गांव रोहिन नदी के तट पर बसे हुए हैं। बाढ़ के दिनों में यहां के लोग भय और अभाव में जीवन जीने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि रोहिन नदी की कटान साल दर साल गांवों की ओर बढ़ रही है, जिससे खेत, मकान और आबादी नदी में समाती जा रही है। यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में दर्जनों गांवों का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।

अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं

उन्होंने यह भी बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन और शासन को पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी उपेक्षा से आहत होकर ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता चुना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

गौतम गंभीर का हो गया डिमोशन… क्या कोच से बन गए मैनेजर? चौंकाने वाले बयान ने किया फैंस को हैरान

क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भारी तबाही

सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि रोहिन नदी अब तक सैकड़ों किसानों की उपजाऊ भूमि को निगल चुकी है। हर वर्ष बाढ़ के पानी से सैकड़ों एकड़ फसलें नष्ट हो जाती हैं, जिससे किसानों की आजीविका पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि चानकी गांव से आराजी सुबाइन तक का बांध पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भारी तबाही तय है।

धरना-प्रदर्शन में अंगद चौहान, धर्मेंद्र सिंह, गणेश चौहान, अनुप भारती, हरीश आर्य, शैलेश यादव, दिनेश यादव, रामबचन चौहान, रंजीत शर्मा, रामबचन साहनी, विद्यासागर यादव, सुनील सिंह, धर्मेंद्र यादव सहित सरिता देवी, गीता, कुशमावती, शारदा, तारा, कांति, लीलावती, सुमित्रा, पुष्पावती, विद्या देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 19 December 2025, 6:25 PM IST