
महराजगंज में राशन घोटाले का VIDEO वायरल
Maharajganj: जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लक्ष्मीपुर ब्लॉक के अंतर्गत कई गांवों से यूनिट के हिसाब से कम राशन देने और घटतौली की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण कोटेदार से कम राशन देने को लेकर बहस करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो बैरवाबनकटवा गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी मनोहर यादव ने दूरभाष पर बताया कि कोटेदार द्वारा प्रति यूनिट एक किलो राशन कम दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत पहले भी संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मनोहर यादव ने बताया कि वह इस मामले में लिखित शिकायत भी दर्ज कराएंगे।
इसी तरह लक्ष्मीपुर ब्लॉक के बनरसिंहा खुर्द गांव से भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। गांव निवासी महेंद्र वर्मा और रामसूरत का कहना है कि उन्हें प्रति यूनिट एक किलो तक कम राशन दिया जाता है। रामसूरत ने यह भी आरोप लगाया कि राशन की तौल मशीन से नहीं, बल्कि बाल्टी से की जाती है, जिससे घटतौली की आशंका और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी नियमित औचक निरीक्षण करें तो इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लग सकती है। उनका आरोप है कि प्रशासनिक ढील के कारण कोटेदार मनमानी कर रहे हैं।
मामले में सप्लाई इंस्पेक्टर हर्सवर्धन श्रीवास्तव ने कहा कि समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है। यदि इस प्रकार की कोई शिकायत सत्य पाई जाती है तो जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 19 February 2026, 7:23 PM IST
Topics : crime news Maharajganj News UP News