रील का शौक या नौकरी पर संकट? वाराणसी पुलिस में शुरू हुई बड़ी निगरानी, कई कर्मचारियों पर लटक सकती है कार्रवाई

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील, फोटो और वीडियो पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों की निगरानी शुरू हो गई है। वर्दी में कंटेंट साझा करने और सरकारी कार्य के समय सोशल मीडिया गतिविधियों पर सख्ती बरतते हुए विभागीय कार्रवाई और निलंबन तक की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 May 2026, 11:16 AM IST
google-preferred

Varanasi: सोशल मीडिया पर रील, फोटो और वीडियो बनाने का बढ़ता चलन अब पुलिसकर्मियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वर्दी में या सरकारी कार्य के समय सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर निगरानी की जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर निलंबन समेत कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सोशल मीडिया पर बढ़ी निगरानी

कमिश्नरेट स्तर पर सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है। फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर पुलिसकर्मियों के अकाउंट की निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से ड्यूटी के दौरान बनाई गई रील्स, वीडियो और विवादित पोस्ट पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

महिला पुलिसकर्मियों और दरोगाओं की रील्स बनी चर्चा का विषय

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, काशी और वरुणा जोन में तैनात कई महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में बनाई गई रील्स सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। वहीं, 2019 और 2023 बैच के कुछ दरोगाओं के वीडियो भी चर्चा में रहे हैं। गंगा घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बनाए गए ऐसे वीडियो विभाग के संज्ञान में आए हैं, जिसके बाद निगरानी और सख्त कर दी गई है।

मुख्यालय के निर्देशों का सख्ती से पालन

उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट साझा नहीं करेगा। इसके अलावा थानों और चौकियों में वीडियो या रील्स बनाने पर भी रोक लगाई गई है। हथियारों के साथ फोटो खिंचवाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को भी नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों से प्रेरित होकर बढ़ी सक्रियता

पुलिस विभाग में कई वरिष्ठ आईपीएस और पीपीएस अधिकारी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं अधिकारियों की लोकप्रियता को देखकर कई मातहत कर्मचारी भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हुए। हालांकि अब विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि लोकप्रियता की चाह में सेवा नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

Varanasi: मंजिल थी कुछ कदम दूर लेकिन घर पहुंचने से पहले ही टूट गया सफर

अधिकारियों की चेतावनी

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, मुख्यालय शिवहरी मीणा ने कहा कि वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कराई जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है। सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे वर्दी या ड्यूटी के दौरान फोटो, वीडियो और रील्स पोस्ट करने से बचें।

पुलिस प्रशासन की इस सख्ती के बाद विभागीय कर्मचारियों में हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में निगरानी रिपोर्ट के आधार पर कई मामलों में कार्रवाई संभव मानी जा रही है।

Location :  Varanasi

Published :  30 May 2026, 11:16 AM IST

Advertisement