योगी सरकार के डेयरी मॉडल से महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, 76 हजार को मिला लखपति दीदी का दर्जा

उत्तर प्रदेश में महिला दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नई ताकत बन रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में चार लाख से अधिक महिलाएं डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं और रोजाना 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध का संग्रह कर रही हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के इस मॉडल से 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 5:43 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में महिलाएं अब दुग्ध कारोबार के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। योगी सरकार के ग्रामीण आजीविका मिशन और महिला नेतृत्व वाले डेयरी मॉडल से जुड़कर प्रदेश की चार लाख से अधिक महिलाएं दूध उत्पादन और कारोबार संभाल रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिलाएं प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह कर रही हैं। इस नेटवर्क से जुड़ी 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। खास बात यह है कि अब महिलाएं केवल पशुपालन और दूध उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूध की मात्रा और गुणवत्ता जांचने से लेकर बिक्री और भुगतान का हिसाब रखने तक की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।

31 जिलों में महिलाओं ने संभाली दुग्ध कारोबार की कमान

उत्तर प्रदेश के गांवों में पशुपालन लंबे समय से परिवारों की आमदनी का अहम जरिया रहा है। पशुओं की देखभाल और दूध उत्पादन में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होने के बावजूद दूध की बिक्री, कीमत तय करने और हिसाब-किताब में उनकी सीधी भागीदारी सीमित रहती थी। अब महिला नेतृत्व वाले डेयरी मॉडल के जरिए इस व्यवस्था में बदलाव हो रहा है।

महराजगंज में डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की छठी मैया की आराधना, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं दूध उत्पादक समूहों और कंपनियों के माध्यम से कारोबार संभाल रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में तैयार इस नेटवर्क के तहत महिला पशुपालकों को अपने गांव में ही दूध के लिए नियमित बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उन्हें दूध बेचने के लिए स्थानीय खरीदारों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हुई है।

दूध संग्रह केंद्रों पर महिलाएं अपना दूध पहुंचाती हैं। वहां दूध की मात्रा और गुणवत्ता की जांच डिजिटल मशीनों से की जाती है। इसके बाद दूध में फैट की मात्रा और उसके आधार पर मिलने वाली कीमत का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होता है। इस व्यवस्था से महिलाओं को अपने दूध और उसकी कीमत का स्पष्ट हिसाब मिल रहा है।

डिजिटल व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका हुई कम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ग्रामीण कारोबार को बिचौलियों से मुक्त कर महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ने का अभियान चलाया गया है। इस व्यवस्था में मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दूध संग्रह से लेकर उसकी गुणवत्ता जांच, कीमत और भुगतान तक की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहती है।

पहले ग्रामीण पशुपालकों को दूध बेचने के लिए स्थानीय खरीदारों पर निर्भर रहना पड़ता था। दूध की गुणवत्ता और कीमत को लेकर भी उनके पास सीमित विकल्प होते थे। नई व्यवस्था में मशीन से दूध की जांच होने और उसका रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होने से पारदर्शिता बढ़ी है। अब महिला पशुपालक यह जान सकती हैं कि उन्होंने कितना दूध दिया, उसमें फैट कितना था और उसके बदले कितनी रकम मिलनी है।

डिजिटल रिकॉर्ड के कारण महिलाओं को अपने रोज के कारोबार का हिसाब रखने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। भुगतान की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध होने से आमदनी का हिसाब समझना आसान हुआ है। इसका असर परिवार के आर्थिक प्रबंधन में भी दिखाई दे रहा है।

बचपन की दोस्त पर आया यूपी के मंत्री का दिल, दिग्गज नेताओं मौजूदगी में पहनाई अंगूठी; जानिए कौन है दुल्हन?

76 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि डिजिटल डेयरी नेटवर्क का असर महिलाओं की आर्थिक स्थिति पर साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध मॉडल से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उनके मुताबिक, डेयरी कारोबार अब महिलाओं के लिए केवल अतिरिक्त आमदनी का जरिया नहीं रह गया है, बल्कि यह नियमित और मजबूत आजीविका के रूप में उभर रहा है।

प्रदेश में चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादकों का इस व्यवस्था से जुड़ना ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी बढ़ती भूमिका को दिखाता है। प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह करने वाला यह नेटवर्क महिलाओं को गांव में रहकर कारोबार करने का अवसर दे रहा है।

अरुण कुमार ने बताया कि मोबाइल और डिजिटल तकनीक ने महिला पशुपालकों के लिए दुग्ध कारोबार को आसान बनाया है। दूध संग्रह से लेकर भुगतान तक की जानकारी ऑनलाइन होने से वे अपने कारोबार का रिकॉर्ड खुद रख पा रही हैं। इस तरह महिला सशक्तीकरण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

Location :  Lucknow

Published :  15 November 2026, 5:43 PM IST