कंटेनर में भरे थे 30 गोवंश, पुलिस देख हुआ था रफूचक्कर; 50 हजार के इनामी को STF ने दबोचा

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गोवंश तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी नूरुल खान को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी जनवरी 2025 में चंदौली में 30 गोवंश से भरा कंटेनर छोड़कर फरार हो गया था, जिसके बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 July 2026, 1:57 PM IST
google-preferred

Chandauli: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गोवंश तस्करी के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने उसे गया जिले से दबोच लिया।

बिहार में छिपकर काट रहा था फरारी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूरुल खान के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले का रहने वाला है। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि वह बिहार में पहचान छिपाकर रह रहा है। इसके बाद प्रयागराज इकाई की टीम ने निगरानी बढ़ाई और बाराचट्टी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

ट्रक छोड़कर मौके से हो गया था फरार

जांच में सामने आया कि जनवरी 2025 में आरोपी एक कंटेनर में करीब 30 गोवंश को कानपुर से बिहार ले जा रहा था। जब चंदौली क्षेत्र में पुलिस जांच के दौरान ट्रैफिक जाम लगा, तो गिरफ्तारी के डर से वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

Chandauli: होमगार्ड की संदिग्ध मौत से सनसनी, शव मिलने पर परिजनों में कोहराम

घोषित था 50 हजार का इनाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। कई दिनों तक खुफिया जानकारी जुटाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

एसटीएफ ने आरोपी को चंदौली पुलिस के हवाले कर दिया है। स्थानीय पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से गोवंश तस्करी से जुड़े गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Location :  Chandauli

Published :  1 July 2026, 1:57 PM IST

Related News

Advertisement