परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, प्रतापगढ़ स्कूल में संदिग्ध चीज खाने से 4 छात्र बेहोश

प्रतापगढ़ के पट्टी ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय पट्टी प्रथम में पढ़ाई के दौरान कक्षा तीन के चार छात्र अचानक बेहोश हो गए। चारों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है, जिसके बाद मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 12 August 2026, 3:57 PM IST

Pratapgarh: प्रतापगढ़ के पट्टी ब्लॉक से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय पट्टी प्रथम में पढ़ाई के दौरान कक्षा तीन के चार छात्र अचानक बेहोश हो गए। बताया जा रहा है कि बच्चों ने किसी संदिग्ध पदार्थ का सेवन किया था, जिसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें दो छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

चॉकलेट खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। रोज की तरह आर्यन, मयंक, प्रिंस मिश्रा समेत चार छात्र स्कूल पहुंचे थे। कक्षा में पढ़ाई चल रही थी, तभी कथित तौर पर किसी संदिग्ध पदार्थ का सेवन करने के बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में चारों छात्र बेहोश हो गए। अचानक चार बच्चों के बेहोश होने से स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें: Pratapgarh: टूटी छत, बिखरे सपने और बहते आंसू; प्रतापगढ़ हादसे के पीड़ित अमन से मिलकर भावुक हुई पल्लवी पटेल

प्रधानाध्यापक ने बताई चॉकलेट की बात

घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवपूजन पांडे का कहना है कि एक बच्चा बाहर से चॉकलेट लेकर स्कूल आया था। चारों छात्रों ने उस चॉकलेट को थोड़ा-थोड़ा खाया था। इसके बाद ही उनकी तबीयत खराब हुई और वे बेहोश हो गए। हालांकि, चॉकलेट में ऐसा क्या था जिससे बच्चों की तबीयत बिगड़ी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।

यह भी पढ़ें: Pratapgarh: जिस वाहन में ले जाया जाता है शव उसमें हो रहा ये काम

परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए आरोप

बच्चों के अस्पताल पहुंचने की खबर मिलते ही परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान बच्चों की तबीयत बिगड़ने की घटना गंभीर है और इसके लिए प्रधानाध्यापक व शिक्षकों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

फिलहाल चारों बच्चों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की जांच-पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बच्चों ने वास्तव में क्या खाया था और उनकी तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी।

Location :  Pratapgarh

Published :  12 August 2026, 3:57 PM IST