
मृतका (फाइल फोटो)
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के भांवा गांव की रहने वाली पूर्व महिला अनुदेशक स्मिता सिंह और उनके दूधमुंहे बेटे की रेलवे से जुड़ी घटना में मौत हो गई। महिला के पिता ने पारिवारिक कलह का आरोप लगाया है। रेलवे पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
भांवा गांव निवासी इंद्रेश सिंह पटेल पुत्र स्वर्गीय राम मूर्ति सिंह की शादी वर्ष 2016 में सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के इलाही गांव निवासी प्यारे लाल सिंह की बेटी स्मिता सिंह से हुई थी। शादी से पहले स्मिता राजकीय कन्या विद्यालय बीजपुर में अनुदेशक के पद पर कार्यरत थीं, जबकि उनके पति एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।
स्मिता के पिता प्यारे लाल के मुताबिक, पति के कहने पर स्मिता ने वर्ष 2022 में नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद उनके पति भी नौकरी छोड़कर गांव आ गए और खेती करने लगे। पिता का आरोप है कि नौकरी छोड़ने के बाद स्मिता परेशान रहने लगी थीं। पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी हुई थी।
पिता प्यारे लाल ने बताया कि स्मिता 24 नवंबर को अपने साथ कथित अन्याय की शिकायत दर्ज कराने के लिए करमा थाने गई थीं। इसके बाद वह सोनभद्र के इलाही गांव स्थित अपने मायके चली गई थीं।
27 नवंबर को स्मिता अपनी मां से भांवा जाने की बात कहकर निकली थीं। हालांकि, वह चुनार कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में उनकी और उनके मासूम बेटे की मौत हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
स्मिता की मौत के बाद उनकी सात वर्षीय बेटी वान्या के सिर से मां का साया उठ गया है। वान्या भांवा स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा है। मां और छोटे भाई की मौत से परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। रेलवे पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।
Location : Mirzapur
Published : 28 November 2026, 2:13 PM IST