Maharajganj News: अमृत सरोवर गेट हादसे में मासूम की मौत पर बैठी हाईलेवल जांच, इतने दिन में मांगी रिपोर्ट

शेष फरेंदा में अमृत सरोवर के गेट गिरने से 13 वर्षीय विक्की की मौत के मामले में जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है, जबकि लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 June 2026, 7:58 PM IST

Maharajganj: महराजगंज में नौतनवा विकास खंड के ग्राम पंचायत शेष फरेंदा में अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत बने गेट के अचानक ढहने से 13 वर्षीय विक्की पुत्र वीरेंद्र यादव की मौत के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। हादसे के एक दिन बाद जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच के आदेश देते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। इस कार्रवाई को घटना के बाद सामने आए सवालों और ग्रामीणों की नाराजगी के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तीन दिन में सौंपनी होगी जांच रिपोर्ट

जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, एसडीएम नौतनवा की अध्यक्षता में गठित समिति को तीन दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। समिति में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) के अधिशासी अभियंता तथा जिला पंचायतराज अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। जांच टीम निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन, कार्यदायी संस्था की भूमिका तथा निगरानी में हुई संभावित लापरवाही की पड़ताल करेगी।

गेट गिरने से हुई थी मासूम की मौत

गौरतलब है कि शनिवार को अमृत सरोवर परिसर में बना प्रवेश द्वार अचानक भरभराकर गिर गया था। हादसे के समय वहां मौजूद विक्की मलबे की चपेट में आ गया था। गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन और ग्रामीण तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था।

Maharajganj News: पोखरी का भव्य गेट बना मासूम की मौत का कारण, सुंदरीकरण कार्य पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हुआ होता तो इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती। वहीं प्रशासन अब यह जानने की कोशिश में जुटा है कि गेट के निर्माण में कहीं तकनीकी खामी या निर्माण संबंधी अनियमितता तो नहीं हुई थी।

दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई - जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि जांच में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अब पूरे मामले की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि मासूम की जान लेने वाले इस हादसे के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है और किस पर कार्रवाई की गाज गिरती है।

Location :  Maharajganj

Published :  20 June 2026, 7:58 PM IST