
महराजगंज में एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज में गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन तक अधिकारियों की पैनी नजर बनी रही। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने खुद मैदान में उतरकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिले में मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ, जहां कुल 81.41 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जनपद में स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 3,572 निर्वाचक पंजीकृत थे। इनमें से 2,908 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान करने वालों में 2,319 पुरुष और 589 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस प्रकार जिले में कुल मतदान प्रतिशत 81.41 दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी लगातार भ्रमणशील रहे। दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक परिसर फरेंदा, लक्ष्मीपुर, बृजमंगंज और सदर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित पाया गया।
यह भी पढ़ें - Maharajganj: बृजमनगंज के कोल्हुई में नारकीय जीवन जीने को मजबूर ग्रामीण, मुख्य सड़क पर जलभराव से बढ़ी मुसीबतें
जिलाधिकारी ने मतदान में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और मतदान निर्धारित नियमों के अनुसार ही संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अपने व्यक्तिगत विवेक के आधार पर निर्धारित नियमों से हटकर कार्य नहीं करना चाहिए। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो और मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
यह भी पढ़ें - Maharajganj News: PET परीक्षा में जरा-सी चूक भी पड़ेगी भारी! DM ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियों को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने की प्रक्रिया संचालित की गई। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर रही। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मतपेटियों को जमा कराने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित निर्वाचन प्रक्रियाओं एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न कराने में सहयोग देने वाले मतदान कार्मिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय एवं सहयोग से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली। महराजगंज में 81.41 प्रतिशत मतदान के साथ निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतदान केंद्रों के निरीक्षण से लेकर मतपेटियों को जमा कराने तक प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की।
Location : Maharajganj
Published : 23 October 2026, 7:26 PM IST