Maharajganj News: PET परीक्षा में जरा-सी चूक भी पड़ेगी भारी! DM ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

महराजगंज में PET परीक्षा 2026 को लेकर DM गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। जानें परीक्षा की तारीखें, समय, प्रवेश नियम और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जरूरी बातें।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 October 2026, 7:30 PM IST
google-preferred

Maharajganj: महराजगंज में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को साफ चेतावनी दी है कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों पर CCTV कैमरों से लेकर दीवार घड़ी और परीक्षार्थियों की जांच तक, हर व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि PET परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में परीक्षा के दौरान होने वाली छोटी-सी चूक भी अभ्यर्थियों और पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए सभी अधिकारी शासन और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।

DM ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जरूरी व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर CCTV कैमरे, दीवार घड़ी और परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

महराजगंज में विधान परिषद चुनाव को लेकर अलर्ट प्रशासन, DM गौरव सिंह सोगरवाल और SP शक्ति मोहन अवस्थी ने संभाली कमान

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SP सख्त

परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों की समुचित जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

25 और 30 अक्टूबर, 1 नवंबर को होगी परीक्षा

बैठक में परीक्षा एजेंसी के समन्वयक दिवाकर सिंह ने परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उनके अनुसार, PET परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

महराजगंज में कल शराब की दुकानों पर लटकेगा ताला, DM गौरव सिंह सोगरवाल का सख्त आदेश, मतदान खत्म होने तक रहेगी बंदी

प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र जरूरी

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में उल्लिखित पहचान पत्र की मूल प्रति साथ लानी होगी। पहचान पत्र के मूल दस्तावेज के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा घड़ी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव समेत जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  22 October 2026, 7:30 PM IST

Related News

Advertisement