
राम मंदिर चढ़ाव चोरी
Ayodhya: राम मंदिर (Ram Mandir) में दान चोरी मामले के बीच अब एक और मामला सामने आया है। मंदिर में चढ़ावे की गिनती करने वाले 20 कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया है। जांच के बाद कार्यप्रणाली में बदलाव, बढ़े कार्यभार और सुरक्षा नियमों को इसकी वजह बताया जा रहा है। अब सीमित कर्मचारियों के साथ गिनती का काम चल रहा है और नई डिजिटल व्यवस्था लागू करने की तैयारी जारी है।
इस्तीफों के बाद अब गिनती केंद्र में केवल करीब एक दर्जन कर्मचारी ही नियमित रूप से काम कर रहे हैं।
गबन का मामला सामने आने के बाद ही कर्मचारियों की उपस्थिति कम होने लगी थी। पहले जहां करीब 40 कर्मचारी इस कार्य में लगे थे, वहीं जांच के बाद केवल 15 से 20 कर्मचारी ही नियमित रूप से ड्यूटी पर आ रहे थे। अब इनमें से करीब 20 कर्मचारियों ने भी इस्तीफा दे दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि पहले चढ़ावे की गिनती दो शिफ्टों में होती थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया एक ही शिफ्ट में करीब नौ से दस घंटे तक चलती है। इसके बावजूद मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। उन्होंने यह भी बताया कि पहले टेबल-कुर्सियों पर बैठकर गिनती होती थी, जबकि अब फर्श पर बैठकर काम कराया जा रहा है।
जांच के बाद गिनती केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था भी काफी सख्त कर दी गई है। कर्मचारियों को कई चरणों की तलाशी के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। उन्हें बिना जूते-चप्पल, मोबाइल फोन और निजी सामान के ही अंदर जाने की अनुमति है। मंदिर परिसर में विभिन्न सुरक्षा जांच से गुजरने के बाद ही वे गिनती केंद्र तक पहुंचते हैं।
अयोध्या राम मंदिर को प्रोफेशनल नहीं, ‘राम भक्त’ CEO की तलाश; सर्च कमेटी ने तय की बड़ी शर्तें
ये हैं बदले गए नियम
ड्यूटी का लंबा समय: नई व्यवस्था के तहत सभी कर्मचारियों के लिए सुबह 8 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक लगातार काम करना अनिवार्य कर दिया गया था।
कड़े सुरक्षा नियम व ड्रेस: चोरी रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को बिना जेब (पॉकेटलेस) वाले कपड़े पहनने और सुरक्षा के अन्य तमाम कड़े मापदंडों को पूरा करने का निर्देश दिया गया था।
Location : Ayodhya
Published : 11 July 2026, 2:08 AM IST