
यूपी की हर बड़ी खबर एक जगह (Source: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज क्या हो रहा है? राजनीति से लेकर अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं तक हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट यहां मिलेगा। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद समेत सभी जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहें। सरकार के फैसलों, प्रशासनिक हलचल, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों, चुनावी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें। यूपी की ब्रेकिंग न्यूज, बड़ी खबरें और स्थानीय घटनाक्रम जानने के लिए इस लाइव अपडेट को लगातार फॉलो करते रहें। हर जरूरी अपडेट सबसे पहले जानें।
देवरिया के रुद्रपुर कस्बे के दुर्गेश्वर नाथ वार्ड में बुधवार शाम निर्माणाधीन मकान में हुए हादसे में 65 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब मकान की तीसरी मंजिल पर पानी की टंकी चढ़ाई जा रही थी। अचानक छत का परजा और रेलिंग टूटने से वहां मौजूद लोग नीचे गिर पड़े।
सुलतानपुर के गोहत्या निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को बंधुआकला पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना बंधुआकला में 22 नवंबर 2026 को गोहत्या निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 के तहत मुकदमा संख्या 222/26 दर्ज किया गया था। इसमें वांछित चल रहे समीर पुत्र फैयाज उर्फ कल्लू निवासी तकिया जमुवारी, थाना मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी की तलाश की जा रही थी।
हाथरस जिले के सासनी कस्बे में कथित झोलाछाप के यहां गर्भपात कराने की कोशिश के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से एक विवाहिता की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में खलबली मच गई। बुधवार देर शाम प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सासनी के मोहल्ला कस्सावान स्थित आरोपित दाई के क्लीनिक को तलाश कर सील कर दिया। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के सराय वीरभद्र गांव के पास प्रतापगढ़ बाईपास ( प्रयागराज अयोध्या हाईवे) पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे रिटायर्ड होमगार्ड को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल 68 वर्षीय कर्मराज पांडे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Location : Lucknow
Published : 26 November 2026, 9:30 AM IST