
यूपी की हर ताजा अपडेट यहां पढ़ें (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज क्या हो रहा है? राजनीति से लेकर अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं तक हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट यहां मिलेगा। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद समेत सभी जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहें। सरकार के फैसलों, प्रशासनिक हलचल, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों, चुनावी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें। यूपी की ब्रेकिंग न्यूज, बड़ी खबरें और स्थानीय घटनाक्रम जानने के लिए इस लाइव अपडेट को लगातार फॉलो करते रहें। हर जरूरी अपडेट सबसे पहले जानें।
कासगंज जनपद नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में विकास का पहिया सड़कों, नालियों और जनसुविधाओं से आगे बढ़ने के बजाय अनशन और आपसी खींचतान में उलझा नजर आ रहा है। साढ़े तीन साल के कार्यकाल में दो बार सभासदों को अपनी ही पालिका के खिलाफ अनशन पर बैठना पड़ा। कभी एक गुट के सभासदों ने मोर्चा खोला तो कभी दूसरे खेमे के सभासदों ने पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अब सवाल यह है कि जब जनता के चुने हुए प्रतिनिधि अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर सड़क पर बैठने को मजबूर हैं तो आम जनता की फरियाद आखिर कहां सुनी जा रही है। पालिका में चेयरमैन और सभासदों के बीच खींचतान का असर शहर के विकास पर कितना पड़ रहा है, यह भी चर्चा का विषय बन गया है।
निचलौल में मंडी विभाग की औचक छापेमारी से खाद्यान्न कारोबार में मचा हड़कंप। सोहट गांव के पोखरा स्थित मेसर्स मंशा ट्रेडर्स के परिसर में टीम को 3630 कुंतल धान, 60 कुंतल गेहूं और 58 कुंतल चावल मिला। चौंकाने वाली बात यह कि ऑनलाइन पोर्टल पर फर्म का पूरा स्टॉक शून्य दर्ज था। मौके पर मिले खाद्यान्न और ऑनलाइन रिकॉर्ड में भारी अंतर सामने आने के बाद मंडी विभाग ने फर्म संचालक को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो लाइसेंस निरस्त करने के साथ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
देवरिया में आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन देवरिया में इमरजेंसी मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट का अभ्यास किया गया। इसमें देवरिया पुलिस के साथ एनसीसी दल, फायर सर्विस, सिविल डिफेंस, मेडिकल यूनिट और अन्य प्रशासनिक विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 10:30 बजे नेशनल हाईवे-30 पर एलिसिया पार्क मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार आयुष जायसवाल और शेखर राठौर को टक्कर मार दी। महोली से सीतापुर आ रहे दोनों गंभीर घायलों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सीतापुर के सिधौली कोतवाली क्षेत्र स्थित खिड़कीपुरवा गांव निवासी 67 वर्षीय रम्मा पुत्र बद्दल की रविवार देर रात लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव के दक्षिण स्थित बाग की झोपड़ी के बाहर मिला। सिर पर चोटों से हत्या की आशंका जताते हुए बेटे ने गांव के दो लोगों पर तहरीर दी।
कौशाम्बी के करारी थाना क्षेत्र के बैंस कांटी गांव में आंवले की बाग में फसल को नुकसान पहुंचाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि बाग में पहुंचे लोगों ने वहां मौजूद युवकों के साथ पहले मारपीट की और इसके बाद सुरेश नामक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया।
Location : Lucknow
Published : 23 November 2026, 7:51 AM IST