
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
बदायूं के पडौआ गांव निवासी 23 वर्षीय सचिन की शादी 18 महीने पहले बरेली के खेलम गांव की काजल से हुई थी। बेटी के जन्म के कुछ दिन बाद काजल नाराज होकर मायके चली गई थी। करीब तीन-चार महीने बाद उसने सचिन को फोन कर बुलाया और ससुराल लौटने की बात कही।
चंदौली की चकिया तहसील के फिरोजपुर गांव में सड़क पर विशाल मगरमच्छ विचरण करता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। करीब आठ फीट लंबा मगरमच्छ पिछले दो वर्षों से वन विभाग को चकमा दे रहा है। उसे पकड़ने की कई कोशिशें नाकाम रही हैं।
प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में शीतलमऊ नहर के पास गुरुवार सुबह 30 वर्षीय उमा शंकर उर्फ गुड्डू का रक्तरंजित शव मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक की ईंट से प्रहार कर हत्या की गई। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
चंदौली के मुगलसराय में नगर पालिका कार्यालय में अधिशासी अभियंता से बदसलूकी के आरोप पर विवाद बढ़ गया। चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने आफताब नामक युवक पर कॉलर पकड़ने का आरोप लगाया। वहीं, दूसरे पक्ष ने खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत का हवाला दिया। पुलिस को तहरीर दी गई है, जांच जारी है।
महराजगंज के लक्ष्मीपुर ब्लॉक स्थित थरौली बुजुर्ग गांव में जाम नालियों ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर गंदा पानी बहने से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते महीनों से बनी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा टोला उत्तरपुर में कूड़े-कचरे को लेकर विवाद हो गया। असमीना का आरोप है कि पड़ोस की महिलाओं से शुरू हुए विवाद में चार से पांच पुरुष भी शामिल हो गए और उन्होंने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। घटना सोमवार की बताई जा रही है।
प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तेलियरगंज चौराहे पर महाशय मसूरिया दीन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद दोपहर में तेलियरगंज पॉलिटेक्निक मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभा स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
हाथरस के सासनी में सरकारी राशन के चावल की कथित कालाबाजारी के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम और पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली से सरकारी मार्का लगे 181 बोरे बरामद किए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सुबह करीब नौ बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में घने काले बादल छाने से दिन में ही अंधेरे जैसी स्थिति बन गई। लोगों को सुबह के समय शाम जैसा नजारा देखने को मिला। मौसम बदलने के बाद बारिश की संभावना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक फिसलने से दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
मैनपुरी में क्रिश्चियन तिराहे के पास कपड़ों के तीन शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण तीनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। शोरूम में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में कपड़ा व्यापारियों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश के बांदा में सरकारी अभिलेखों में एक जीवित किसान को मृत दर्शाने का आरोप लगा है। इसके चलते उसकी वृद्धावस्था पेंशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ बंद हो गया। अब पीड़ित किसान खुद को जिंदा साबित करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है।
Location : Lucknow
Published : 15 October 2026, 10:44 AM IST