
गोरखपुर में जनगणना 2027 की प्रशासनिक तैयारियां तेज (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार नागरिकों को अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन स्वयं दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की प्रक्रिया को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश से आए अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से सूचनाएं दर्ज करने, स्व-गणना और घर-घर जाकर परिवारों का विवरण एकत्र करने की प्रक्रिया समझाई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। जनसंख्या गणना के लिए संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।
स्व-गणना के लिए नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर तक se.census.gov.in पोर्टल अथवा मोबाइल एप का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रक्रिया शुरू करने के लिए 10 अंकों का मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त छह अंकों के ओटीपी से सत्यापन किया जाएगा।
Gorakhpur: चोरी-छिनैती के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, तलाशी में मिला नकदी और जेवर
सत्यापन के बाद नागरिकों को अपने वर्तमान निवास का पता और स्थान संबंधी जानकारी भरनी होगी। इसके साथ ही नक्शे पर आवास की सही स्थिति चिह्नित करनी होगी। घर से स्व-गणना करने वाले नागरिक करंट लोकेशन का विकल्प भी चुन सकेंगे।
अगले चरण में परिवार के सभी सदस्यों की शिक्षा, साक्षरता, व्यवसाय, आवास और प्रश्नावली में निर्धारित अन्य जानकारियां दर्ज करनी होंगी। सभी विवरणों की जांच करने के बाद आवेदन सबमिट करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर 11 अंकों की एसईआईडी (सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी) जारी होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी दिखानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन और मिलान किया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज करना और आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखना जरूरी है। साथ ही गोपनीयता संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
Gorakhpur News: शॉर्ट सर्किट से बाड़े में लगी आग, देखते ही देखते जिंदा जल गईं 40 बकरियां
प्रशिक्षण में संयुक्त निदेशक ए.के. राव, उप निदेशक एवं मंडल प्रभारी हेमंत कुमार वर्मा, उप निदेशक अजय कुमार, सहायक निदेशक एवं जिला प्रभारी शैलेन्द्र कुमार तथा जिला प्रभारी वैशाली शुक्ला ने अधिकारियों को जानकारी दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुनाल रस्तोगी, एडीएम वित्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, चौरीचौरा के एसडीएम रवि सिंह, सहजनवां के एसडीएम नमन मेहता, बांसगांव के एसडीएम मलखान सिंह, कैंपियरगंज के एसडीएम आलोक रंजन सिंह, गोला के एसडीएम मनीष कुमार तथा तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता और खजनी के तहसीलदार ध्रुवेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 31 October 2026, 1:27 PM IST