गोरखपुर में दुखद हादसा, सर्पदंश के बाद नहीं बच सकी विवाहिता की जान

गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। 28 वर्षीय विवाहिता को सांप के डसने के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 September 2026, 11:34 PM IST

Gorakhpur: जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के नरगड़ा जंगा सिंह गांव में सर्पदंश से 28 वर्षीय विवाहिता हेमा पत्नी राजन की उपचार के दौरान मौत हो गई। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर बेलघाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, हेमा को सर्पदंश के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों में मची चीख पुकार

विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद सबसे अधिक चर्चा विवाहिता के पति के अस्पताल नहीं पहुंचने को लेकर रही। परिजनों का आरोप है कि हेमा की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी राजन को दे दी गई थी। राजन वर्तमान में दिल्ली में रहता है। परिजनों का कहना है कि सूचना मिलने के बावजूद वह अस्पताल में अपनी पत्नी को देखने नहीं पहुंचा।

Extra Classes के नाम पर शर्मनाक हरकत! गोरखपुर में आरोपी शिक्षक हिरासत में, वीडियो से मचा हड़कंप

परिजनों के मुताबिक, राजन की ओर से अन्य लोगों के माध्यम से यह सूचना दी जा रही थी कि वह रास्ते में है और जल्द ही पहुंच जाएगा। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसके अस्पताल या ससुराल पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। पति के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर परिवार और आसपास के लोगों में भी चर्चा बनी रही।

बताया गया कि हेमा की शादी आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के पचारी भगतपुर गांव निवासी राजन के साथ हुई थी। सर्पदंश की घटना के बाद उपचार के दौरान विवाहिता की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

गोरखपुर में बेकाबू डंपर ने कार को कई मीटर घसीटा, पुलिस की मुस्तैदी से बची लोगों की जान

पुलिस की कार्रवाई

मायके और ससुराल पक्ष के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, बेलघाट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 September 2026, 11:32 PM IST