
लखनऊ में छात्रों ने किया प्रदर्शन
University of Lucknow के बाहर शुक्रवार को उस समय माहौल गरमा गया जब NEET परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी छात्र केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार इस मुद्दे पर सही तरीके से जवाब नहीं दे रही।
पुलिस और छात्रों के बीच बढ़ा तनाव
प्रदर्शन के दौरान छात्र यूनिवर्सिटी गेट के बाहर बैठकर विरोध जता रहे थे। इसी बीच पुलिस ने प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की तो छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्कामुक्की तक पहुंच गया।
मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने कई छात्रों को हिरासत में लिया। हिरासत में लेकर जब छात्रों को पुलिस वैन में बैठाया जा रहा था, उसी दौरान फिर से धक्का-मुक्की और झड़प देखने को मिली। कुछ छात्र पुलिस कार्रवाई का विरोध करते नजर आए तो वहीं पुलिस उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले गई।
समाजवादी छात्र सभा भी रही शामिल
इस प्रदर्शन में Samajwadi Chhatra Sabha के छात्र कार्यकर्ता भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना था कि NEET परीक्षा को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं और छात्र मानसिक दबाव झेल रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई है। फिलहाल हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ की जा रही है।
Location : Lucknow
Published : 15 May 2026, 2:44 PM IST