UP Weather Update: तीन दिन की बारिश के बाद अब बढ़ेगा तापमान, 30 से ज्यादा जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी आंधी-तूफान और बारिश का दौर अब खत्म हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून से प्रदेश के कई जिलों में तापमान 5 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि अभी लू की संभावना कम है, लेकिन कई इलाकों में तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 June 2026, 7:42 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से आंधी-तूफान के साथ जारी बारिश का सिलसिला अब थम गया है। मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है। बारिश से मिली राहत के बाद अब प्रदेश में गर्मी की वापसी होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून से इस सप्ताह के अंत तक यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि अभी प्रदेश में लू चलने की संभावना कम बताई जा रही है।

30 से ज्यादा जिलों में चलेगी तेज हवा

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ जगहों पर तेज झोंकों के दौरान हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने की आशंका जताई गई है।

सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के इलाकों में तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। वहीं पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

UP Weather Update: गर्मी से राहत या उमस की मार, मौसम विभाग ने यूपी के लिए क्या नया अनुमान दिया?

32 जिलों में वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने 32 जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। जिन जिलों में वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है, उनमें पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिले शामिल हैं। प्रशासन को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

रविवार को ज्यादातर जिलों में तापमान रहा 40 डिग्री से कम

रविवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा। कई इलाकों में बारिश और बादलों की वजह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.3 डिग्री कम था। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में दर्ज किया गया, जहां पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा उरई और प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। झांसी में 40.9 डिग्री और हमीरपुर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

AI Nino Impact: अल-नीनो की दस्तक से बड़ा खतरा, कम होगी बारिश या पड़ेगा सूखा? जानिये मौसम और भारत पर इसका प्रभाव

आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का दौर खत्म होने के बाद अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि फिलहाल लू की स्थिति बनने की संभावना कम है, लेकिन दिन में तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम में बदलाव के बीच लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज गर्म रहने की संभावना है।

Location :  Lucknow

Published :  15 June 2026, 7:42 AM IST