UP Weather Update: ठंड, कोहरा या बारिश? नए साल की शुरुआत से पहले मौसम ने दिया चौंकाने वाला इशारा

नए साल से पहले उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है। IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होगी। घना कोहरा और शीत लहर से जनजीवन प्रभावित रह सकता है।

Updated : 29 December 2025, 7:58 AM IST
google-preferred

Lucknow: नए साल से ठीक पहले उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 29 दिसंबर से लेकर 1 जनवरी 2026 तक देश के कई हिस्सों में घना कोहरा, शीत लहर और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। कई जगहों पर शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहेगा।

IMD के अनुसार 30 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।

UP Weather Update: यूपी में ठंड और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, AQI भी हो रहा खतरनाक… अब क्या होगा आगे?

दिल्ली-NCR का मौसम

राजधानी दिल्ली में नए साल की शुरुआत बारिश के साथ होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, जबकि 1 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। 29 दिसंबर की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। घने कोहरे को देखते हुए दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप

उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड के साथ नए साल की शुरुआत होने जा रही है। मौसम विभाग ने 1 जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इससे पहले 31 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन घने से अत्यंत घने कोहरे का असर बना रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनने की भी चेतावनी दी गई है। 29 दिसंबर को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है, लेकिन सुबह और रात में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।

बिहार और झारखंड का हाल

बिहार में 29 दिसंबर को ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं झारखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। राज्य के सात जिलों के लिए शीत लहर को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है।

UP Weather Update: पछुआ हवाओं की दस्तक! लखनऊ-नोएडा तक बढ़ेगी कंपकंपाती ठंड, कोहरे और शीतलहर का रेड अलर्ट

राजस्थान में मावठ की संभावना

राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आगामी दिनों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश या मावठ की संभावना है।

कुल मिलाकर, नए साल का स्वागत उत्तर भारत में ठंड, कोहरे और बारिश के साथ होने वाला है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 29 December 2025, 7:58 AM IST