

उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 16 अक्टूबर तक राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। मानसून लगभग पूरी तरह लौट चुका है और दिन में तेज धूप के साथ रातें सुहावनी रहेंगी।
UP में मौसम रहेगा शुष्क
Lucknow: मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक शुष्क मौसम बना रहेगा। 11 से 16 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान दिन में तेज धूप रहेगी जबकि रात का तापमान सामान्य बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के अधिकतर हिस्सों से लौट चुका है। अब सिर्फ पूर्वांचल के दक्षिण-पूर्वी जिलों बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र और मिर्जापुर में इसका असर बाकी है। विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में इन जिलों से भी मानसून की वापसी पूरी हो जाएगी।
सूखा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम
विभाग के मुताबिक 11 अक्टूबर से लेकर 16 अक्टूबर तक प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं है। इन दिनों में दिन में धूप तेज रहेगी और रातें सुहावनी होंगी। सतही स्तर पर पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से वातावरण में शुष्कता बनी रहेगी।
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मॉनसून का असर, 6 अक्टूबर तक भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी 24 से 26 सितंबर के बीच दो चरणों में हो चुकी थी। अब राज्य में सक्रिय मौसम तंत्र समाप्त हो गए हैं और शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है, जिससे बारिश की संभावना लगभग खत्म हो गई है। अगले सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। फिर भी तापमान सामान्य सीमा के भीतर रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 1 जून से 30 सितंबर तक की मानसूनी अवधि में उत्तर प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी में 672 मिमी के औसत के मुकाबले 12% अधिक यानी 752.5 मिमी बारिश हुई। वहीं पूर्वी यूपी में 799.2 मिमी औसत के मुकाबले 17% कम यानी 666 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूरे प्रदेश की औसत वर्षा 746.2 मिमी के मुकाबले 701.6 मिमी रही, जो सामान्य श्रेणी में आती है।
UP Weather Update: करवा चौथ पर सुबह और रात में महसूस होगी ठंडक, जानिए अगले दिनों का हाल
राज्य के तीन जिलों में सामान्य से बहुत कम बारिश हुई, जबकि 27 जिलों में औसत से कम। वहीं 13 जिलों में सामान्य से अधिक और 2 जिलों में बहुत अधिक वर्षा दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ सहित 30 जिलों में मानसूनी बारिश सामान्य रही। मानसून ने 18 जून को प्रदेश में प्रवेश किया था और 10 अक्टूबर तक लगभग सभी हिस्सों से वापसी कर ली है।