
मौसम अपडेट (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में शीतलहर और ठंड का असर एक बार फिर तेज होने जा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी 72 घंटों में प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। राजधानी लखनऊ समेत करीब 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मंगलवार को लखनऊ में पूरे दिन धूप नहीं निकली, जिससे अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में इस गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों सहित प्रदेश के लगभग 30 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वांचल के कई जिलों में गुरुवार तक अत्यधिक घना कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में पिछले दिनों कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी जरूर आई है, लेकिन ठंड का असर अभी बना रहेगा।
Weather Update: दिल्ली-यूपी में कड़ाके की ठंड, जानिए देश के अन्य राज्यों का मौसम का हाल
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में अच्छी बर्फबारी हुई है। इसके बाद पहाड़ों से ठंडी और शुष्क पछुआ हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। यही हवाएं उत्तर प्रदेश में तापमान गिरने की मुख्य वजह बन रही हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गोरखपुर में 4.5, कानपुर नगर में 4.6 और आजमगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। 20 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री या उससे नीचे पहुंच गया है।
UP Weather Update: सात जिलों में घना कोहरा, ठंड से मिलेगी दो दिन की राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सुबह और शाम की ठंड लोगों को परेशान करती रहेगी। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
Location : Lucknow
Published : 7 January 2026, 7:45 AM IST
Topics : cold FOG uttar pradesh Weather Update Winter