कल घर से निकलने से पहले जरूर चेक कर लें मौसम अपडेट, 40 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; IMD ने दी चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने 3 जुलाई के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में भारी बारिश, तेज गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों और किसानों के लिए भी जरूरी सलाह जारी की गई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 2 July 2026, 6:24 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है। इसी बीच मौसम विभाग ने 3 जुलाई को लेकर प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, महोबा, झांसी, ललितपुर और सोनभद्र समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर और जालौन सहित 40 से अधिक जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

UP में मानसून का महा-ब्लास्ट: सभी 75 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, बहराइच में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

4 और 5 जुलाई को और तेज हो सकती है बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि 3 जुलाई के बाद मॉनसून का असर और बढ़ेगा। 4 और 5 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। इससे कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

लोगों और किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न हों और बिजली चमकने के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग सावधानी से करें।किसानों को सलाह दी गई है कि धान, मक्का, गन्ना और अन्य खरीफ फसलों वाले खेतों में पानी जमा न होने दें। अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था रखें और खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें।

Monsoon Diet: यूपी में झमाझम बारिश के साथ बदला मौसम, खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं डॉक्टरों के ये अचूक उपाय

प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Location :  Lucknow

Published :  2 July 2026, 6:24 PM IST