
उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट (सोर्स-Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश के बाद अब मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश में मानसून की यह रफ्तार जारी रहेगी, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
शनिवार को पूर्वांचल के कई जिलों में बादलों ने जमकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बारिश गोरखपुर में दर्ज की गई, जहां 141.6 मिलीमीटर (मिमी) पानी बरसा।
इसके अलावा अन्य प्रमुख जिलों में भी अच्छी-खासी बारिश देखने को मिली-
मिर्जापुर: 80 मिमी
लखीमपुर खीरी: 70.4 मिमी
वाराणसी: 64 मिमी
सुल्तानपुर: 58 मिमी
इस मूसलाधार बारिश की बदौलत पूर्वी उत्तर प्रदेश के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जिससे लोगों को काफी समय से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें-एक पल में मचा हाहाकार… गंगा एक्सप्रेस-वे पर पलटा जानवरों से भरा ट्रक, कई मवेशियों की मौत से मचा हड़कंप
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को राजधानी लखनऊ और इसके आसपास के इलाकों में भी मौसम सुहाना बना रहेगा। लखनऊ में दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। रविवार को यहां का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 19 से 21 जुलाई के दौरान उत्तर प्रदेश में मानसून और भी ज्यादा आक्रामक और एक्टिव रूप में नजर आएगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार के लिए खास चेतावनी जारी की है-
10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: तराई क्षेत्र के 10 जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
23 जिलों में येलो अलर्ट: यहां भारी बारिश की संभावना के चलते सतर्क रहने को कहा गया है।
45 जिलों में वज्रपात की चेतावनी: मौसम विभाग ने कुल 45 जिलों में मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) की आशंका जताई है।
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनकी सूची इस प्रकार है-
लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत और इनके आसपास के क्षेत्र।
यह भी पढ़ें-सड़क से स्टेशन तक हंगामा! रायबरेली में एक दिन में तीन बवाल, वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, हरदोई, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल, बदायूं, ललितपुर और आसपास के इलाके।
मौसम विभाग की मानें तो बारिश का यह सिलसिला रविवार को ही नहीं थमेगा। आईएमडी ने सोमवार के लिए भी पूरे उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने लोगों को बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों या जर्जर मकानों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।
Location : Lucknow
Published : 19 July 2026, 7:59 AM IST