हिंदी
हादसे में कई मवेशियों की मौत (Img: Dynamite News)
Raebareli: जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे और ऊंचाहार क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को हैरान कर दिया। पहला हादसा लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ, जहां जानवरों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक ट्रक में जानवरों को बेहद ज्यादा संख्या में और तंग हालत में लादकर ले जाया जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े मृत जानवरों के शवों को हटवाया। वहीं हादसे में जिंदा बचे मवेशियों को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
लाइसेंस सरकारी रेट मनमर्जी का, बदायूं के रिजोला में ठेकेदार की दबंगई पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर चालक की पहचान शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि जानवरों को ट्रक में बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरा गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
वहीं शुक्रवार को रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। छतौना मारियनी गांव में घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बच्ची तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गई। गांव निवासी राम लौटन की बेटी रिशा अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची कुछ दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर बाइक सवार को पकड़ लिया। वहीं परिजन घायल बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बच्ची के पिता रोजगार के कारण शहर में रहते हैं। ऐसे में मां ने ग्रामीणों और परिवार के लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
Location : Raebareli
Published : 18 July 2026, 8:07 PM IST