
सहारनपुर से सोनभद्र तक बदलेगा आसमान का मिजाज (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज हर पल रंग बदल रहा है। आज, यानी 14 सितंबर को प्रदेश के 50 से भी ज्यादा जिलों में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ जगहों पर हल्की बौछारें लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दे सकती हैं, लेकिन दिन ढलते-ढलते उमस की चुनौती भी सामने खड़ी होगी।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्पष्ट किया है कि आज राज्य में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज पश्चिमी यूपी और पूर्वी यूपी दोनों ही हिस्सों में मौसम लगभग एक समान रहेगा। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद और आगरा जैसे पश्चिमी जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की फुहारें पड़ेंगी।
ठीक ऐसा ही हाल पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों का भी रहेगा, जहां हल्की बौछारें तो गिरेंगी, पर किसी तरह की चेतावनी या रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है। कुल मिलाकर आज दिनभर मौसम सुहावना लेकिन मिला-जुला बना रहेगा।
रुहेलखंड और पश्चिमी क्षेत्र के बिजनौर, बागपत, अमरोहा, मुरादाबाद, सम्भल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मध्य यूपी की बात करें तो लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, रायबरेली और अमेठी में फुहारें पड़ सकती हैं।
इसके अलावा बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा और चित्रकूट तथा पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़ और सोनभद्र में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
Weather Update: दिल्ली-UP समेत 17 राज्यों में झमाझम बारिश, कई राज्यों में तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम का सबसे बड़ा ट्विस्ट यह है कि बौछारों के बावजूद लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट से पूरी राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले 48 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके तुरंत बाद पारा फिर से 2 से 3 डिग्री ऊपर चढ़ेगा। यानी आने वाले दिनों में यूपी वालों को फिर से तीखी धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
Location : Lucknow
Published : 14 September 2026, 7:51 AM IST