उत्तर प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम अचानक करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे कई जिलों में तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

यूपी में बढ़ी गर्मी (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मार्च के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। जहां एक तरफ दिन में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। अनुमान है कि 15 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में मौसम अचानक करवट ले सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा और दिन के समय तेज धूप देखने को मिल सकती है। प्रदेश का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की नमी के कारण मौसम में उमस महसूस हो सकती है।
राज्य के प्रमुख शहरों जैसे नोएडा, लखनऊ, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इन शहरों में दिन के समय धूप तेज रहेगी, जबकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की धुंध भी दिखाई दे सकती है।
यूपी में बढ़ेगी भीषण गर्मी या आएगी राहत? मौसम विभाग ने बताया कब होगी सीजन की पहली बारिश
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसी तरह नोएडा में भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रहेगा। सुबह के समय यहां हल्की धुंध देखी जा सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकलने की संभावना है।
हालांकि मौसम का यह स्थिर दौर ज्यादा दिन तक रहने वाला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई जिलों में बादल छाने लगेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज झोंकेदार हवाएं भी चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। यह मौसम बदलाव करीब दो से तीन दिनों तक बना रह सकता है।
Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में अचानक क्यों बदला मौसम? जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 14 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसका असर धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा, जिससे कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के कारण दिन में गर्मी कम होगी और शाम के समय मौसम सुहावना महसूस हो सकता है। हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।